20 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जयपुर में दिनदहाड़े वारदात: मानसरोवर में मंदिर जा रही महिला से सोने की चेन लूटी, हिम्मत दिखाई तो बदमाश ने तान दिया चाकू

जयपुर के मानसरोवर में गाय को रोटी देकर मंदिर जा रही 57 वर्षीय महिला से बदमाश ने सोने की चेन लूट ली। विरोध करने पर बदमाश ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गया। छीनाझपटी में चेन का लॉकेट सड़क पर गिर गया, जिसे महिला ने उठा लिया।
2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Arvind Rao

Jul 19, 2026

Jaipur News

महिला से सोने की चेन लूटी (सीसीटीवी से ली गई तस्वीर)

जयपुर: राजधानी जयपुर के पॉश इलाके मानसरोवर में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां मंदिर जा रही एक 57 वर्षीय महिला से दिनदहाड़े चाकू की नोक पर सोने की चेन लूट ली गई। इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और हुलिए के आधार पर लुटेरे की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

गाय को रोटी देने निकली थी महिला, रास्ते में घात लगाए बैठा था बदमाश

मिली जानकारी के अनुसार, मानसरोवर के किरण पथ निवासी भावना महिरचंदानी (57) हर दिन की तरह शनिवार सुबह करीब 7:13 बजे अपने घर से निकली थीं। वे घर के पास ही गाय को रोटी देने गई थीं। गाय को रोटी खिलाने के बाद वह पास ही स्थित एक मंदिर में दर्शन करने के लिए आगे बढ़ गईं। जब वह बैंक ऑफ इंडिया वाली गली से गुजर रही थीं, तभी पीछे से एक अज्ञात बदमाश पैदल-पैदल उनका पीछा करने लगा।

बता दें कि गली में सूनापन देखकर बदमाश ने तेजी से कदम बढ़ाए और महिला के नजदीक पहुंच गया। इससे पहले कि भावना कुछ समझ पातीं, शातिर लुटेरे ने उनके गले पर जोरदार झपट्टा मारा और सोने की चेन तोड़ ली।

महिला ने दिखाया साहस, तो बदमाश ने तान दिया चाकू

अचानक हुए इस हमले से भावना एक पल के लिए सहम गईं, लेकिन उन्होंने तुरंत हिम्मत जुटाई और शोर मचाते हुए आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। महिला के इस साहस को देखकर बदमाश घबरा गया। खुद को घिरता देख उसने तुरंत अपनी जेब में हाथ डाला और एक धारदार चाकू निकाल लिया।

बदमाश ने महिला की तरफ चाकू लहराते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। चाकू देखकर महिला को अपनी जान बचाने के लिए पीछे हटना पड़ा, जिसका फायदा उठाकर लुटेरा तेजी से आंखों से ओझल हो गया।

छीनाझपटी में नीचे गिरा सोने का लॉकेट

इस पूरी वारदात के दौरान महिला और बदमाश के बीच तीखी छीनाझपटी हुई थी। इसका नतीजा रहा कि सोने की चेन तो बदमाश के हाथ लग गई, लेकिन उसमें लगा कीमती पेंडल (लॉकेट) टूटकर सड़क पर गिर गया। हड़बड़ाहट में बदमाश का ध्यान उस लॉकेट पर नहीं गया और वह सिर्फ चेन लेकर ही भाग सका। बाद में महिला ने सड़क पर गिरा अपना लॉकेट सुरक्षित वापस उठा लिया।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

घटना की सूचना मिलते ही मानसरोवर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कर इलाके की नाकाबंदी करवाई, लेकिन तब तक आरोपी दूर निकल चुका था। पुलिस ने घटनास्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है।

सीसीटीवी कैमरों में वारदात का पूरा घटनाक्रम और संदिग्ध बदमाश की तस्वीरें कैद हुई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाश के रूट को ट्रैक कर रही है। दिनदहाड़े और वह भी सुबह के समय चाकू की नोक पर हुई इस वारदात ने पुलिस गश्त के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इलाके में सुरक्षा और गश्त बढ़ाई जाए।

बड़ी खबरें

View All

जयपुर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग