उदयपुर

उदयपुर : कमल पर वोट वर्षा… उदयपुर में 7वीं बार बन रहा भाजपा का बोर्ड, सलूम्बर-राजसमंद में भी आगे, 12 में से 7 पर भाजपा

निकाय चुनाव में उदयपुर, राजसमंद और सलूम्बर की 12 निकायों में भाजपा ने 7 पर बोर्ड बनाने में सफलता हासिल की। उदयपुर नगर निगम में भाजपा 53 वार्ड जीतकर 7वीं बार बोर्ड बनाएगी। राजसमंद में भी भाजपा को बढ़त मिली, जबकि सलूम्बर में कांग्रेस से बोर्ड छीन लिया। भींडर में 26 साल बाद कांग्रेस का बोर्ड बनेगा। कानोड़ में कांग्रेस ने वापसी की। नाथद्वारा और आमेट में भाजपा ने जीत दर्ज की, जबकि देवगढ़ में बोर्ड गंवा दिया।
2 min read
Sep 15, 2026
bjp win
demo pic

उदयपुर. निकाय चुनाव में रिकॉर्ड मतदान के बाद सोमवार को नतीजे सामने आ गए। उदयपुर, राजसमंद और सलूम्बर जिलों में 12 निकायों में से 7 पर भाजपा ने कब्जा जमा लिया। उदयपुर में 7वीं बार भाजपा का बोर्ड बन रहा है, वहीं सलूम्बर और राजसमंद जिलों में भी भाजपा आगे रही है।

उदयपुर जिले की 6 निकायों में से 3 भाजपा और 3 कांग्रेस, राजसमंद की 5 निकायों में से 3 भाजपा और 2 कांग्रेस के पास गई, वहीं नए जिले सलूम्बर में भाजपा ने कांग्रेस से बोर्ड छीन लिया। राजनीति का गढ़ कहे जाने वाले क्षेत्र भींडर और कानोड़ नगर पालिकाओं में भाजपा के अंतर्कलह की वजह से कांग्रेस बोर्ड बनाने जा रही है। कानोड़ में कांग्रेस दुबारा बोर्ड बनाने जा रही है, वहीं भींडर में भाजपा अपना बोर्ड नहीं बचा पाई। भींडर में तो 26 साल बाद कांग्रेस का बोर्ड बनेगा। इधर, फतहनगर-सनवाड़ नगर पालिका में भाजपा चौथी बार बोर्ड बनाने जा रही है। जिले के मावली और वल्लभनगर में पहली बार निकाय चुनाव हुए हैं। वल्लभनगर में भाजपा, जबकि मावली में कांग्रेस सफल रही है।

सलूम्बर को उदयपुर से अलग करके नया जिला बनाने वाली कांग्रेस अपना बोर्ड नहीं बचा पाई और भाजपा ने जीत हासिल की है। इस जीत का श्रेय हाल ही में एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद मन्नालाल रावत को जा रहा है। हालांकि यहां बीएपी ने वार्ड जीतकर बोर्ड में एंट्री जरुर की है।

भाजपा का गढ़ कहे जाने वाले राजसमंद में कांग्रेस बोर्ड नहीं दोहरा पाई और भाजपा को बढ़त मिल गई। इधर, धर्म नगरी नाथद्वारा में भी भाजपा ने कांग्रेस से बोर्ड छीन लिया। जिले की आमेट नगर पालिका में 10 साल बाद भाजपा काबिज हुई है, वहीं देवगढ़ में भाजपा बोर्ड नहीं बचा पाई।

उदयपुर निगम की स्थिति

80 वार्ड

41 बहुमत के लिए

53 भाजपा ने जीते

23 कांग्रेस को मिले

04 अन्य को मिले

राजसमंद की स्थिति

45 वार्ड

23 बहुमत के लिए

27 भाजपा ने जीते

14 कांग्रेस को मिले

04 अन्य को मिले

सलूम्बर की स्थिति

25 वार्ड

13 बहुमत के लिए

12 भाजपा ने जीते

11 कांग्रेस को मिले

02 अन्य को मिले

सबसे बड़ी जीत

साजिद खान, कांग्रेस

वार्ड 20 सिलावटवाड़ी

3635 वोट मिले

निकटतम प्रतिद्वंद्वी: मोहम्मद शफीक 845 मत

सबसे छोटी जीत

प्रकाशपुरी गोस्वामी

फतहनगर-सनवाड़ पालिका वार्ड एक

212 वोट मिले

निकटतम प्रतिद्वंद्वी : नरेश 211 वोट

नेताओं ने कहा...

उदयपुर में भाजपा को ऐतिहासिक जीत मिली है। पार्टी के आलाकमान के नेतृत्व में जनता ने केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं पर विश्वास की मुहर लगाई है। ट्रिपल इंजन सरकार में यहां विकास की स्वर्णिम गाथा लिखी जाएगी। मेवाड़ की जनता ने भाजपा को भरपूर समर्थन और भरोसा दिया है, जिस पर पार्टी खरा उतरेगी।

राजेंद्रसिंह राठौड़, भाजपा के जिला प्रभारी

सलूम्बर पालिका कांग्रेस की जीती हुई ही है, जहां बोर्ड बना सकते हैं। उदयपुर में असफलता को स्वीकार करते हैं। टिकट बंटवाने में समय और तालमेल की कमी रही। कुछ सीटों पर कम मार्जिन की हार रही। भाजपा ने सरकारी मशीनरी का भरपूर दुरुपयोग किया। पार्टी से दगा करने वालों को सबक सिखाएंगे, कमियां सुधारकर लौटेंगे।

रघुवीरसिंह मीणा, कांग्रेस देहात जिलाध्यक्ष

Updated on:
15 Sept 2026 06:25 pm
Published on:
15 Sept 2026 06:25 pm