उदयपुर

उदयपुर : ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधिमंडल का लेकसिटी में भव्य स्वागत, डबोक एयरपोर्ट पर कुमकुम-तिलक से अगवानी

उदयपुर में ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधिमंडल का पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में डबोक एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया, जिसमें कुमकुम-तिलक, कठपुतली शो और लोकनृत्य आकर्षण रहे। विदेशी मेहमानों ने उदयपुर की संस्कृ
2 min read
Aug 08, 2026
ब्रिक्स
ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने लेकसिटी पहुंचे सदस्य देशों के प्रतिनिधियों का डबोक एयरपोर्ट पर स्वागत करते अधिकारी।

उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर में शनिवार को होने वाले ब्रिक्स देशों के भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) सम्मेलन से पहले विदेशी मेहमानों और उच्च अधिकारियों का आगमन शुरू हो गया है। ताज फतेह प्रकाश पैलेस में आयोजित होने वाली ‘हेड्स एंड सीनियर ऑफिशियल्स ऑफ कॉम्पिटिशनअथॉरिटीज’ बैठक में भाग लेने के लिए शुक्रवार को रूस, दक्षिण अफ्रीका, इंडोनेशिया, इथियोपिया और ईरान सहित कई देशों के प्रतिनिधिमंडल डबोक एयरपोर्ट पहुंचे।

एयरपोर्ट पर मेहमानों का पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में भव्य स्वागत किया गया। पर्यटन विभाग की उप निदेशक डॉ. शिखा सक्सेना ने बताया कि अतिथियों का कुमकुम तिलक लगाकर, फूलों की मालाएं पहनाकर और बुके भेंट कर अभिनंदन किया गया। इस दौरान एयरपोर्ट परिसर में कठपुतली शो आयोजित किया गया, जो विदेशी प्रतिनिधियों के लिए खास आकर्षण रहा। वहीं बाहर कच्छी घोड़ी नृत्य की प्रस्तुति ने राजस्थान की लोकसंस्कृति की झलक पेश की। मेहमानों को राजस्थान पर्यटन से संबंधित सामग्री भी प्रदान की गई।

विदेशी प्रतिनिधि बोले— खुद को भाग्यशाली मानते हैं

उदयपुर की सुंदरता और अनूठे स्वागत से विदेशी प्रतिनिधि बेहद प्रभावित नजर आए। दक्षिण अफ्रीका के एक डेलीगेट (डिप्टी कमिश्नर) ने कहा कि वे खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें उदयपुर आने और यहां की समृद्ध संस्कृति को करीब से देखने का अवसर मिला।

हाथीपोल बाजार में की खरीदारी

उदयपुर पहुंचते ही प्रतिनिधिमंडल के सदस्य स्थानीय कला और हस्तशिल्प से आकर्षित हुए बिना नहीं रह सके। उन्होंने हाथीपोल बाजार में राजस्थानी हैंडीक्राफ्ट, टेक्सटाइल और पारंपरिक कलात्मक वस्तुओं की खरीदारी की।

सम्मेलन में शामिल होंगी ये प्रमुख हस्तियां

उदयपुर पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में CCI की चेयरपर्सन रवनीत कौर, सदस्य श्वेता कक्कड़, दीपक अनुराग और सचिव आई.पी.एस. बिंद्रा शामिल हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों में रूस के डिप्टी हेड रुस्लान जालिउकोव, अनास्तासिया डोकुकिना, इंडोनेशिया के मौलाना शाहिद, इथियोपिया के राजदूत मोलालिनअसफावअयाना और ईरान के प्रतिनिधि मौजूद हैं।

सम्मेलन के दौरान प्रतिस्पर्धा कानून, निष्पक्ष बाजार व्यवस्था, वैश्विक सहयोग और समकालीन आर्थिक चुनौतियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। सम्मेलन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को सिटी पैलेस और जगमंदिर का भ्रमण भी किया।

Updated on:
08 Aug 2026 06:18 pm
Published on:
08 Aug 2026 06:18 pm