उदयपुर जिले के गोगुंदा में बुजुर्ग दंपती से एक लाख 75 हजार रुपये लूट का मामला सामने आया है। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है। बदमाशों की फुटेज सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
उदयपुर: गोगुंदा कस्बे के प्रताप चौक में मंगलवार को दिनदहाड़े बुजुर्ग दंपती से एक लाख 75 हजार रुपए की लूट हो गई। बदमाशों ने सरेआम वारदात को अंजाम दिया।
बता दें कि सायरा थाना क्षेत्र के बुजुर्ग दंपती गोगुंदा आए थे। उन्होंने एसबीआई शाखा से एक लाख रुपए नकद निकाले थे, जबकि घर से वे पहले ही 75 हजार रुपए साथ लेकर आए थे। गोगुंदा में सोने के आभूषण खरीदने के लिए ज्वेलर्स के यहां गए, जहां थोड़ा सा ध्यान हटने पर चोर बैग ले भागे।
बताया कि बदमाश बैंक से ही इनका पीछा कर रहे थे। मुख्य बाजार में जैसे ही दुकान पर रुके, तभी बदमाश थैला छीनकर भाग गए। सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि दो युवक बैंक से ही बाइक पर दंपती का पीछा कर रहे थे। घटना की सूचना पर गोगुंदा थाने के एएसआई विनेश कुमार सहित पुलिस जाब्ता पहुंचा और क्षेत्र में नाकाबंदी की। गिर्वा डीवाईएसपी सूर्यवीर सिंह भी गोगुंदा पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने गोगुंदा के मुख्य बाजार और बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले, जिनमें दोनों बदमाश कैद हो गए। पुलिस ने तत्काल हरकत में आते हुए बेकरिया, सायरा, बड़गांव, ओगणा और खमनोर क्षेत्रों में नाकाबंदी की और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।