उदयपुर

उदयपुर गैंगरेप मामले में बड़ा खुलासा: आरोपी CEO है IITian, सिंगापुर-बेल्जियम और अमेरिका में भी खोली ब्रांच

उदयपुर गैंगरेप मामले में आरोपी आईआईटियन सीईओ से पुलिस ने पूछताछ की। साथ ही घटना स्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपी की कंपनी का मुख्यालय उदयपुर में है। साथ ही सिंगापुर, बेल्जियम और अमेरिका में भी इसकी ब्रांच होने की जानकारी सामने आई है।
2 min read
Dec 27, 2025
Udaipur gang rape case
Udaipur gang rape case (Patrika File Photo)

Udaipur gang rape case: चलती कार में आईटी कंपनी की मैनेजर से गैंगरेप के मामले में गिरफ्तार आरोपी फिलहाल चार दिन के पुलिस रिमांड पर हैं। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और घटनाक्रम से जुड़े सभी सीसीटीवी फुटेज भी जुटाए जा रहे हैं।

पार्टी के बाद क्या-क्या हुआ, इसकी मिनट-दर-मिनट टाइमलाइन तैयार की जा रही है। मामले की जांच महिला अधिकारी माधुरी वर्मा कर रही हैं।

आरोपी है आईआईटियन

पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। मुख्य आरोपी सीईओ आईआईटी दिल्ली का पूर्व छात्र बताया गया है, जिसने साल 2010 में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की थी।

इसके बाद उसने साल 2012 में उदयपुर में एक आईटी कंपनी की स्थापना की। कंपनी का मुख्यालय उदयपुर में है। जबकि सिंगापुर, बेल्जियम और अमेरिका में भी इसकी ब्रांच संचालित होने की जानकारी सामने आई है। आरोपी सीईओ ने अपनी कंपनी को महिला-मैत्रीपूर्ण बताते हुए विभिन्न प्लेटफॉर्म पर विमन फ्रेंडली मापदंडों में अच्छी रेटिंग भी दर्शा रखी थी, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कंपनी और पार्टी से जुड़े अन्य लोगों की इस पूरे घटनाक्रम में क्या भूमिका रही। जांच अधिकारी का कहना है कि सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

तीन लोग गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने कंपनी के CEO और एक महिला एग्जीक्यूटिव हेड समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना 20 दिसंबर की रात की बताई जा रही है। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस अन्य जानकारियां भी जुटा रही है।

पुलिस के मुताबिक, आईटी कंपनी की मैनेजर युवती ने रिपोर्ट में बताया कि कंपनी के सीईओ की बर्थडे और न्यू ईयर पार्टी का आयोजन एक होटल में किया गया था। वह पार्टी में रात नौ बजे होटल पहुंची थी।

Updated on:
27 Dec 2025 02:25 pm
Published on:
27 Dec 2025 12:27 pm