उदयपुर

होटल में दबिश, ऑटोमैटिक पिस्टल, नकली नंबर प्लेट के साथ 4 तस्कर पकड़े

ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत उदयपुर पुलिस ने छापा मारकर होटल से बाड़मेर के दो आरोपियों से पिस्टल, कारतूस और अफीम बरामद, पंजाब के दो तस्कर फर्जी नम्बर प्लेट लगी कार सहित पकड़े, होटल संचालक के कब्जे से 20.44 लाख रुपए नकद जब्त किए हैं।

2 min read
May 31, 2026
file photo

उदयपुर. जिले में अवैध मादक पदार्थों और हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत उदयपुर पुलिस ने वल्लभनगर क्षेत्र स्थित श्रीराम होटल में दबिश देकर चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक अवैध ऑटोमैटिक पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, 22 ग्राम अफीम, फर्जी नम्बर प्लेट लगी कार और होटल संचालक के कब्जे से 20.44 लाख रुपए नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह है मामला

ये भी पढ़ें

कैलाशपुरी में पैंथर से दहशत, रेस्क्यू में जुटा वन विभाग

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा अंजना सुखवाल के सुपरविजन में वल्लभनगर और खेरोदा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कीर की चौकी स्थित श्रीराम होटल पर दबिश दी। पुलिस ने होटल के कमरा नम्बर-213 की तलाशी के दौरान बाड़मेर निवासी मोहनलाल उर्फ मुन्ना जाट के कब्जे से एक अवैध ऑटोमैटिक पिस्टल बरामद की। उसके साथी हुकमाराम सारण की तलाशी लेने पर दो प्लास्टिक डिब्बियों में रखी कुल 14 ग्राम अफीम तथा तीन जिंदा कारतूस मिले।

एनडीपीएस की धारा में किया मामला दर्ज

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी करीब चार क्विंटल डोडा चूरा की बड़ी खेप की डील कर उसे मारवाड़ क्षेत्र में पहुंचाने की फिराक में थे। पुलिस ने मामले के मास्टरमाइंड को नामजद करते हुए आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।

पंजाब के दो तस्कर अफीम सहित गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने होटल के कमरा नम्बर-108 की तलाशी ली, वहां से पंजाब के संगरूर जिला निवासी जसविंदर सिंह जट सिख तथा कुलदीप सिंह रामदासिया सिख को 8 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी जिस कार से पंजाब से उदयपुर आए थे, उस पर दो अलग-अलग नम्बर प्लेट लगी हुई थीं। आरोपियों ने अवैध डोडा चूरा खरीदने के लिए स्थानीय तस्कर से सौदा कर उसे राशि भी ट्रांसफर की थी। इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।

होटल संचालक से 20.44 लाख नकद जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने होटल श्रीराम के संचालक बांसवाड़ा निवासी राजेश मेनारिया के कब्जे से 20 लाख 44 हजार रुपए नकद तथा कुछ जमीनों की रजिस्ट्रियां बरामद कीं। पुलिस ने उक्त राशि एवं दस्तावेजों को जब्त कर आयकर विभाग को सूचना भेज दी। नकदी के स्रोत और संभावित अवैध लेन-देन के संबंध में अग्रिम जांच जारी है।

ये भी पढ़ें

दक्षिण राजस्थान को बिजली संकट से राहत, दरीबा में 220 केवी जीएसएस शुरू
Published on:
31 May 2026 06:03 pm
Also Read
View All