
उदयपुर. हाथीपोल थाना पुलिस ने पंचवटी स्थित ज्वैलरी शोरूम में करीब एक करोड़ रुपए के जेवरात और नकदी चोरी के मामले में उत्तर प्रदेश के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद 12 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब उसके साथियों की तलाश में चंबल के बीहड़ क्षेत्र में दबिश देगी। पुलिस के अनुसार 29 जुलाई की आधी रात को पंचवटी स्थित नवीन ज्वैलर्स शोरूम का शटर उखाड़कर और कांच का दरवाजा तोड़कर चोर अंदर घुस गए थे। बदमाश 22 लाख रुपए के डायमंड, करीब 390 ग्राम सोने के आभूषण, 12 किलो चांदी के जेवर एवं बर्तन तथा विभिन्न दराजों में रखे 9.75 लाख रुपए ले गए थे। चोरी गए माल की कीमत 90 लाख से एक करोड़ रुपए आंकी गई।
मामला दर्ज होने के बाद थानाधिकारी राजू देवी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने पुरा नत्था झोरिया पिनहट, आगरा उत्तर प्रदेश निवासी धनपाल उर्फ धान्धू वर्मा को गिरफ्तार किया। आरोपी को अतिरिक्त मजिस्ट्रेट शहर दक्षिण एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट क्रम-2 के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे 12 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस आरोपी से चोरी का माल बरामद करने के साथ ही वारदात में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ करेगी।
इधर, दुकान पर कब्जे को लेकर विवाद, दो पक्ष आमने-सामने, पथराव
भूपालपुरा थाना क्षेत्र स्थित यूनिवर्सिटी रोड पर गुरुवार को दुकान पर कब्जे के विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हो गए। इस दौरान दोनों ओर से पथराव हुआ, जिसमें एक महिला सहित दो लोग घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी पक्ष फरार हो चुका था। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार यूनिवर्सिटी रोड स्थित आदर्श नगर निवासी घनश्याम मेघवाल ने रिश्ते के भाई नारायणलाल मेघवाल पर आरोप लगाया कि वह गुरुवार दोपहर 7-8 कालबेलिया समाज की महिलाओं और एक जेसीबी मशीन के साथ उसकी महेश प्रोविजन स्टोर दुकान को गिराने पहुंचा था। घनश्याम का आरोप है कि उसके चचेरे भाई ने दुकान की फर्जी रजिस्ट्री करवा ली और अब विवाद कर दुकान पर कब्जा करना चाहता है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और पथराव शुरू हो गया। पथराव में घनश्याम तथा मनोहरपुरा, बड़गांव निवासी अनिता कालबेलिया के सिर में चोट लगी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। घायल अनिता भी वहां से चली गई थी, जिसे पुलिस ने बाद में तलाश कर एमबी चिकित्सालय पहुंचाया। दोनों घायलों का उपचार कराया गया। थानाधिकारी रतन सिंह ने बताया कि दुकान का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। दुकान का टाइटल सुरेश मेघवाल के नाम पर है। जो मौके पर मौजूद नहीं था। इस मामले में दो महिलाओं और एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।