उदयपुर

Udaipur: बदमाशों ने चाकू घोंपा… डॉक्टरों ने इलाज से पहले पुलिस थाने भेजा, एंम्बुलेंस में तड़पते युवक की हुई मौत

Udaipur stabbing case: उदयपुर के सवीना थाना क्षेत्र में युवक हत्या हो गई। बदमाशों ने उसे चाकू से गोद दिया था। उसकी जान बच जाती, लेकिन परिजन अस्पताल और थाने के बीच घूमते रहे तो समय पर पूरा इलाज नहीं मिलने से मौत हो गई।
2 min read
मृतक प्रेम, मोर्चरी के बाहर प्रदर्शन करते परिजन, पत्रिका फोटो
मृतक प्रेम, मोर्चरी के बाहर प्रदर्शन करते परिजन, पत्रिका फोटो

Udaipur stabbing case: उदयपुर के सवीना थाना क्षेत्र में युवक हत्या हो गई। बदमाशों ने उसे चाकू से गोद दिया था। उसकी जान बच जाती, लेकिन परिजन अस्पताल और थाने के बीच घूमते रहे तो समय पर पूरा इलाज नहीं मिलने से मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने उपचार के बजाय थाने भेज दिया, जहां रिपोर्ट के चक्कर में एक घंटे तक एम्बुलेंस में ही कराहता रहा। वहां से वापस एमबी अस्पताल पहुंचे, जहां दम तोड़ दिया। मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने जमकर हंगामा किया।

बदमाशों ने लूट के इरादे से किया हमला

पुलिस ने बताया कि विजय सिंह पथिक नगर निवासी प्रेम (32) मांगीलाल गमेती की हत्या हो गई। बताया गया कि सुबह 4 बजे बदमाशों ने लूट के इरादे से उस पर चाकू वार किया था। घटना की सूचना पर परिजन पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए थे। जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद केस दर्ज करवाने के लिए थाने भेज दिया।

परिजन भी उसे एम्बुलेंस में थाने ले गए। करीब एक घंटे तक वह थाने के सामने एम्बुलेंस में ही कराहता रहा। आखिर उसे रिपोर्ट की प्रक्रिया के बाद वापस एमबी हॉस्पिटल ले गए, जहां प्रेम ने दम तोड़ दिया।

शव का आज होगा पोस्टमार्टम

मौत पर आक्रोशित परिजनों ने एमबी अस्पताल में ही प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि डॉक्टर की लापरवाही के कारण मौत हुई। परिजनों ने डॉक्टर पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा किया। माहौल बेकाबू होता देख सवीना और हाथीपोल थाना पुलिस मौके पर मौजूद रही।

सवीना थानाधिकारी लादूराम जाट ने बताया कि युवक के शरीर पर 5-6 जगह चाकूवार के घाव है। बदमाशों को पकड़ने के लिए 4 टीमें बनाई, जो सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। देर शाम तक विरोध की स्थिति बनी रही, जिससे पोस्टमार्टम की कार्रवाई नहीं हो पाई। अब शुक्रवार को पोस्टमार्टम होगा।

यह था घटनाक्रम

मृतक के परिजनों ने बताया कि प्रेम सुबह 4 बजे मंडी में मजदूरी पर जाने के लिए निकला था। सेक्टर-8 में रेल लाइन के पास 3 बदमाशों ने घेर लिया। लूट की नीयत से चाकूवार कर दिया। बदमाश भाग गए, लेकिन लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची। घायल को सेटेलाइट हॉस्पिटल ले गए, जहां से एमबी हॉस्पिटल भेजा। यहां प्राथमिक उपचार के बाद थाने भेज दिया।

इधर, जांच में जुटी अस्पताल टीम

एमबी हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. आरएल सुमन ने बताया कि परिजनों के आरोप को ध्यान में रखते हुए जांच कमेटी बनाई है। इलाज में कहां कमी रही, इसका पता लगा रहे हैं। डॉ. अखिलेश की अध्यक्षता में चार डॉक्टर्स की टीम जांच कर रही है। मामले में दस्तावेज की जांच के साथ ही प्रत्येक पक्ष के बयान लिए जाकर स्थिति स्पष्ट की जाएगी।

इनका कहना है…

मृतक के परिजनों से बात की गई है। सरकारी नियमों में जो भी संभव होगा, मुआवजा करवाया जाएगा। उन्होंने पोस्टमार्टम की कार्रवाई सुबह कराने के लिए कहा है। आरोपियों की पहचान के लिए टीमें लगी हुई है। जल्द ही आरोपी पकड़ में होंगे।
योगेश गोयल, एसपी

Updated on:
06 Feb 2026 09:20 am
Published on:
06 Feb 2026 09:20 am