उदयपुर

Udaipur News: 7 दिन से लापता किशोर का कुएं में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

Udaipur News: प्रकाश चंद्र करीब एक सप्ताह पहले घर से लापता हुआ था। परिजन और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। शनिवार को नाहरपुरा से करीब तीन किलोमीटर दूर विरिया गांव के कुएं में उसका शव मिला। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
2 min read
• •
Sep 26, 2026
Udaipur death
Udaipur: मौके पर पहुंची पुलिस व मृतक (फोटो-पत्रिका)

उदयपुर। जिले के लूणदा क्षेत्र में सात दिन से लापता 17 वर्षीय किशोर का शव शनिवार को एक कुएं में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। किशोर की पहचान प्रकाश चंद्र पुत्र भूर सिंह, निवासी नाहरपुरा के रूप में हुई है। शव विरिया गांव में एक कुएं में मिला। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाकर स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।

जानकारी के अनुसार प्रकाश चंद्र करीब सात दिन पहले अचानक घर से लापता हो गया था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में किशोर के बारे में जानकारी जुटाई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई। परिजन और पुलिस पिछले कई दिनों से किशोर की तलाश में जुटे थे।

कुएं में दिखाई दिया शव

शनिवार को नाहरपुरा से करीब तीन किलोमीटर दूर विरिया गांव में स्थित एक कुएं में ग्रामीणों को शव दिखाई दिया। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर कानोड़ थाना पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।

मौत कैसे हुई, पुलिस जांच में जुटी

फिलहाल किशोर की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। यह भी सामने नहीं आया है कि प्रकाश चंद्र की मौत कुएं में गिरने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह रही। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

परिवार में पसरा मातम

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। किशोर के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही पुलिस उसके घर से लापता होने के समय से लेकर कुएं में शव मिलने तक की परिस्थितियों की कड़ी जोड़ने में जुटी है। सात दिन तक किशोर की तलाश में जुटे परिवार को जब उसके शव मिलने की सूचना मिली तो घर में मातम छा गया। पुलिस फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।

यह वीडियो भी देखें :

Updated on:
26 Sept 2026 10:20 pm
Published on:
26 Sept 2026 10:20 pm