उदयपुर

उदयपुर: पेट पालने के लिए पेट्रोल पंप पर 3 दिन पहले शुरू की नौकरी, कार वाले ने एक झटके में कर दिया सब कुछ तहस-नहस

घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें एक कार महिला के ऊपर से गुजरती दिख रही है। कार 15 फीट तक महिला को घसीटते निकल गई।
2 min read
Oct 17, 2025
Udaipur News
पेट्रोल पंप के पास बैठी महिला पर चढ़ाई कार (फोटो- पत्रिका नेटवर्क )

उदयपुर: डबोक थाना क्षेत्र स्थित पेट्रोल पंप पर महिला सफाईकर्मी पर एक युवक ने कार चढ़ा दी। कार ने महिला को 15 फीट तक घसीट दिया। कार सवार कुछ देर मौके पर रुका और फिर भाग गया। गंभीर घायल महिला को एमबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


डबोक थानाधिकारी हुकुम सिंह ने बताया, घटना गुड़ली स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास गुरुवार शाम 5 बजे की है। हादसे में देबारी निवासी रुकमणी (55) पति श्यामलाल मेघवाल गंभीर घायल हो गई। वह पेट्रोल पंप पर सफाईकर्मी है। काम के बाद वह पेट्रोल पंप के पास ही बैठी थी। तभी कार सवार युवक पेट्रोल भरवाकर लौट रहा था। उसने महिला पर कार चढ़ा दी।


सीसीटीवी फुटेज में दिखी स्थिति


घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें एक कार महिला के ऊपर से गुजरती दिख रही है। कार 15 फीट तक महिला को घसीटते निकल गई। हादसे में महिला को गंभीर चोटें लगी है। फिलहाल, वह एमबी अस्पताल में उपचाररत है।


मौके पर नहीं रुका कार चालक


पेट्रोल पंप के मैनेजर अर्जुन ने बताया कि महिला पर कार चढ़ाने वाला मौके पर नहीं ठहरा। पंप कार्मिकों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए कार सवार युवक को कहा तो उसने इनकार कर दिया।


तीन दिन पहले लगी काम पर


बताया गया कि महिला जरूरतमंद परिवार से है। पति का बीते सालों में निधन हो गया था। महिला के 2 बेटे 17 और 10 साल के हैं। परिवार चलाने की जिम्मेदारी उसी पर है। बताया गया कि तीन दिन पहले ही पंप पर बतौर सफाईकर्मी लगी थी।

Published on:
17 Oct 2025 12:28 pm