उदयपुर

उदयपुर : ट्रांसफार्मर पर चिपकी गिलहरी, धमाकों से स्कूल में अफरा-तफरी

आरकेपुरम में गुरुवार सुबह ट्रांसफार्मर पर गिलहरी चिपकने से हाई वोल्टेज प्रवाहित हो गया। इससे द स्कॉलर्स एरिना स्कूल सहित आसपास के मकानों में बिजली उपकरण तेज धमाकों के साथ फुंक गए। घबराए बच्चे और स्टाफ स्कूल ग्राउंड में पहुंचे, इस दौरान कुछ बच्चे गिरकर चोटिल भी हुए। स्कूल डायरेक्टर डॉ. लोकेश जैन के अनुसार 66 पंखे, 4 एसी, पावर लाइट्स, कम्प्यूटर और 60 ट्यूबलाइट्स सहित कई उपकरण खराब हुए।
2 min read
Sep 11, 2026
transfarmer
स्कूल के बाहर लगा ट्रांसफार्मर 

उदयपुर. आरकेपुरम में गुरुवार सुबह 9.30 बजे द स्कॉलर्स एरिना स्कूल के बाहर लगे ट्रांसफार्मर पर गिलहरी चिपकने से हाई वोल्टेज प्रवाहित हो गया। इससे स्कूल सहित आसपास के मकानों में बिजली के उपकरण तेज धमाकों के साथ फुंक गए। अचानक हुए धमाकों से स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। बच्चे और स्टाफ घबराकर स्कूल ग्राउंड में एकत्र हो गए। भागदौड़ के दौरान कुछ बच्चे गिरकर चोटिल हो गए। घटना के बाद विद्युत निगम की टीम मौके पर पहुंची और लाइन को दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति बहाल की। अचानक हाई वोल्टेज आने से स्कूल में संचालित बिजली उपकरणों में एक के बाद एक धमाके होने लगे। इससे बच्चे और स्टाफ घबरा गए। स्कूल में मौजूद लोग तत्काल ग्राउंड में पहुंच गए। कुछ अभिभावकों ने बताया कि अफरा-तफरी में भागते समय उनके बच्चे गिर गए, जिससे उन्हें हल्की चोटें आईं।

स्कूल डायरेक्टर डॉ. लोकेश जैन ने बताया कि हाई वोल्टेज आने से स्कूल में लगे 66 पंखे, 4 एसी, कई पावर लाइट्स, कम्प्यूटर और 60 ट्यूबलाइट्स सहित कई बिजली उपकरण फुंक गए।

जेईएन बोले- हाई और लो वोल्टेज मिल गए

क्षेत्र के जेईएन नरेश कुमार डोडियार ने बताया कि ट्रांसफार्मर पर गिलहरी चिपकने से हाई और लो वोल्टेज के तार आपस में मिल गए थे। इससे कुछ सेकंड में ही लाइन ट्रिप हो गई। इस दौरान क्षेत्र में बिजली के जो उपकरण चल रहे थे, उनमें से कई फुंक गए। विद्युत निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्था संभाली और बिजली आपूर्ति बहाल की।

नुकसान का आकलन कर मिलता है मुआवजा

जानकारी के अनुसार हाई वोल्टेज से बिजली उपकरण जलने की स्थिति में उपभोक्ता को संबंधित विद्युत निगम कार्यालय में शिकायत करनी होती है। इसके बाद निगम की ओर से कमेटी गठित कर घटना और नुकसान के कारणों की जांच की जाती है। कमेटी प्रभावित उपभोक्ताओं के उपकरणों को हुए नुकसान का आकलन करती है। इसके आधार पर उपकरणों की मरम्मत में आने वाली राशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया होती है। नियमानुसार इस तरह के मामले में कम से कम पांच उपभोक्ताओं के प्रभावित होने का प्रावधान बताया गया है।

Updated on:
11 Sept 2026 05:59 pm
Published on:
11 Sept 2026 05:59 pm