उदयपुर

उदयपुर की बेटी का इको-टूरिज्म में कमाल: डिजिटल नवाचार से बनाई राष्ट्रीय पहचान, राष्ट्रपति भवन से गणतंत्र दिवस का न्योता

उदयपुर की स्वाति गौतम ने इको-टूरिज्म आधारित बूटस्ट्रैप्ड स्टार्टअप से देश में स्मार्ट पर्यटन को नई दिशा दी है। एआई, रियल टाइम डेटा और डिजिटल टिकटिंग जैसे नवाचारों से उनका स्टार्टअप राष्ट्रीय स्तर पर सफल है। गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रपति भवन में उन्हें विशेष समारोह का आमंत्रण मिला है।
less than 1 minute read
Jan 21, 2026
Udaipur Swati Gautam
गणतंत्र दिवस पर स्वाति को राष्ट्रपति भवन से मिला आमंत्रण (फोटो- पत्रिका)

उदयपुर: झीलों की नगरी उदयपुर की एक बेटी ने इको-टूरिज्म के क्षेत्र में ऐसा नवाचार किया है, जिसने न केवल पर्यटन व्यवस्था को स्मार्ट बनाया, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर शहर का नाम भी रोशन किया है। इको-टूरिज्म आधारित बूटस्ट्रैप्ड स्टार्टअप के जरिए उन्होंने डिजिटल समाधान विकसित किए हैं, जो आज देश के कई प्रमुख और अत्यधिक पर्यटक आवागमन वाले स्थलों पर सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं।

यह स्टार्टअप बिना किसी बाहरी निवेश के स्वदेशी तकनीक, डीप-टेक और डिजिटल नवाचार पर आधारित है। रियल टाइम डेटा एनालिटिक्स, एआई आधारित क्राउड मैनेजमेंट, जीपीएस ट्रैकिंग, पारदर्शी डैशबोर्ड और सुरक्षित डिजिटल टिकटिंग जैसे समाधानों के माध्यम से यह स्टार्टअप देश के नेशनल पार्क, टाइगर रिज़र्व, म्यूज़ियम और पर्यटन स्थलों को स्मार्ट, सुरक्षित और सुगम बना रहा है। प्रतिदिन डेढ़ लाख से अधिक टिकटों की बिक्री और 99.99 प्रतिशत सिस्टम अपटाइम इसकी सफलता का प्रमाण है।

गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रपति भवन ने किया आमंत्रित

इन उल्लेखनीय योगदानों के चलते गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले विशिष्ट समारोह के लिए स्वाति गौतम को आमंत्रण मिला है। मूलतः उदयपुर के भूपालपुरा क्षेत्र की निवासी स्वाति उद्यमी ओंकारलाल जोशी की पौत्री हैं। उनका परिवार वर्तमान में उदयपुर में ही निवास करता है, जबकि उनके पिता चंद्रशेखर जोशी इंदौर में रहते हैं।

पहले भी मिल चुकी है राष्ट्रीय सराहना

इससे पूर्व जुलाई महीने में पीयूष गोयल की अध्यक्षता में आयोजित देश के चुनिंदा नवाचार-आधारित स्टार्टअप्स की बैठक में भी उन्हें आमंत्रित किया गया था, जहां पर्यटन प्रबंधन में किए गए तकनीकी नवाचारों की सराहना हुई। स्वाति का कहना है कि उनका लक्ष्य नवाचार के माध्यम से देश की पर्यटन व्यवस्था को सशक्त बनाना और डिजिटल इंडिया तथा आत्मनिर्भर भारत के विज़न को ज़मीनी स्तर पर साकार करना है।

Updated on:
21 Jan 2026 02:34 pm
Published on:
21 Jan 2026 02:34 pm