उदयपुर

Good News : उदयपुर टू भोपाल फ्लाइट 1 नवंबर से, जुड़ेगा दोनों लेकसिटी का कनेक्शन

Udaipur Airport उदयपुर से भोपाल के बीच करीब तीन साल बाद सीधी उड़ान शुरू होने जा रही है। इंडिगो ने एक नवंबर से इस रूट पर 72 सीटों वाला एटीआर विमान चलाने का निर्णय लिया है।

2 min read
Oct 24, 2022
flight.jpg

Udaipur Airport हवाई यात्रियों के लिए खुशखबर है कि अब उदयपुर और भोपाल का हवाई कनेक्शन जुड़ जाएगा। इससे सीधे तौर पर उदयपुर से मध्यप्रदेश का सफर अब ज्यादा आसान होगा। जो लोग अब तक बसों व ट्रेनों से लंबा सफर करते आ रहे थे, उन्हें अब हवाई यात्रा का सुगम सफर करने का मौका मिलेगा। ये इस मायने में भी खास है कि दोनों ही शहर अपनी झीलों के लिए जाने जाते हैं और लेकसिटी कहलाते हैं। पूर्व में भी उदयपुर और भोपाल के बीच फ्लाइट थी, लेकिन बाद में यह बंद हो गई। अब इन दोनों शहरों का नाता फिर जुड़ने जा रहा है।

सप्ताह में 3 दिन होगी उड़ान

उदयपुर से भोपाल के बीच करीब तीन साल बाद सीधी उड़ान शुरू होने जा रही है। इंडिगो ने एक नवंबर से इस रूट पर 72 सीटों वाला एटीआर विमान चलाने का निर्णय लिया है। इसका शेड्यूल भी जारी हो गया है। फ्लाइट सप्ताह में 3 दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को होगी। एक नवंबर से यह फ्लाइट शाम 5:20 बजे से भोपाल से प्रस्थान करेगी। इसके बाद ये फ्लाइट शाम 6:40 बजे फ़्लाइट उदयपुर पहुंचेगी। शाम 7:20 बजे दोबारा उदयपुर से भोपाल प्रस्थान करेगी और रात 8:40 बजे फ्लाइट भोपाल पहुंचेगी। इससे पूर्व स्पाइसजेट ने वर्ष 2019 में उदयपुर- भोपाल की उड़ान शुरू की थी। बाद में ये बंद हो गई।

30 अक्टूबर से लागू होने जा रहा है विंटर शेड्यूल

उदयपुर एयरपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार, दिवाली के बाद 30 अक्टूबर से विंटर शेड्यूल लागू होने जा रहा है। इस शेड्यूल में उदयपुर से 7 शहरों के लिए उड़ानें हैं। ये शेड्यूल 30 अक्टूबर से 25 मार्च तक लागू रहेगा। 25 मार्च के बाद समर शेड्यूल लागू हो जाएगा।

इन शहरों के लिए उदयपुर से उड़ान की सुविधा -

दिल्ली

मुंबई

जयपुर

बेंगलूरू

हैदराबाद

कोलकाता

भोपाल

इनका कहना है..

भोपाल की फ्लाइट शुरू होने से एमपी के टूरिस्ट डेस्टिनेशंस से भी कनेक्शन जुड़ जाएगा। हाल ही उज्जैन में महाकाल कॉरिडोर बना है, कई सारे अभयारण्य हैं, मंदिर हैं और कई पर्यटन स्थल हैं जहां लोग जाना पसंद करते हैं। ऐसे में ये फ्लाइट शुरू होने से बहुत फायदा मिलेगा।

अशोक जोशी, पर्यटन व्यवसायी

Published on:
24 Oct 2022 03:37 pm