- ठेकेदार व विभाग की लापरवाही, दो दिन से बंद है सभी स्रोत
नरेंद्र मेनारिया/ खरसाण. कस्बे की जल योजना फेल हो गई है। यहां नई पाइपालाइन डालकर विभाग को योजना सौंपने का काम होना था, लेकिन ठेकेदार के ऐसा नहीं करने पर योजना की स्थिति ही बिगड़ चुकी है। ऐसे में दो दिनों से खरसाण में सभी ट्यूबवेल व एक ओपनवेल बंद पड़े हैंं। ग्राम पंचायत खरसाण के लिए सरकार ने गत वर्ष 88.25 लाख की जल योजना स्वीकृत की थी। जिसका टेंडर मावली निवासी ठेकेदार हीरालाल गुर्जर को हुआ। इसमें पांच किलोमीटर बीड़ की नई पाइपलाइन डालना व सभी कुएं व ट्यूबवेलों में नई मशीन डाल कर टेस्ट कर विभाग को सुपुर्द करना था, लेकिन ठेकेदार ने ऐसा नहीं किया गया और विभाग ने ऐसा नहीं करवाया।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो दिनों से खरसाण में सभी ट्यूबवेल व एक ओपनवेल बंद पड़े हैंं क्योंकि ओपनवेल में केबल जली हुई तथा इसके पास वाली ट्यूबवेल में पिछले दो माह से मशीन जल गई थी। जिसको ठेके दार ने नहीं निकालने पर विभाग ने अपनी ओर से मशीन डाली गई, लेकिन उसका भी मिलान नहीं किया गया। दूसरा पालेला तालाब पर बिजली कनेक्शन तो हो गया, लेकिन ठेकेदार और विभाग ने अभी तक वहां से लाइन को चालू नहीं किया है। डूगेला वाले ट्यूबवेलों में पानी की समस्या है, जिससे खरसाण में जल समस्या बनी हुई है, लेकिन विभाग इस ओर ध्यान दे रहा है। विभाग जैसे-तैसे गर्मी के दिन निकालने में पड़ा है। इधर, ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई सालों से सीमेंट की लाइन से पानी आ रहा था, लेकिन उससे इतनी समस्या नहीं थी, जितनी अभी 88 लाख की डाली गई जल योजना के बीड़ की पाइपलाइन से हो रही है। डेढ़ किलोमीटर की पाइपलाइन में तीन जगह लिकेज है। ठेकेदार आए दिन लिकेज निकालता ही रहता है। सडक़ के बीच में डाला तीन इच पाइप को भी नहीं हटाया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि ठेकेदार का अभी काम अधूरा पड़ा हुआ है, सभी लाइनों का टेस्ट भी नहीं हुआ हैै, लेकिन पता चला है कि विभाग ठेकेदार का बिल बनाने में है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर दो दिन में व्यवस्था ठीक नहीं की गई तो विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।
इनका कहना
ठेकेदार ने अभी बिल नहीं उठाया होगा, स्रोत बंद पड़े, इसके लिए एक्सइएन से बात करता हूं। जल्द समाधान निकालेंगे।
सोहनलाल सालवी, अतिरिक्त मुख्य अभियंता, पीएचइडी उदयपुर