उदयपुर

Rajasthan: जिस फैक्ट्री में पति का हाथ कटा, वहीं पत्नी की दर्दनाक मौत, साड़ी फंसी और मशीन ने पेट को काटा

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए मुआवजे की मांग की। विरोध प्रदर्शन के बाद दोनों पक्षों के बीच 11 लाख रुपए के मुआवजे पर सहमति बनी।

2 min read
Sep 11, 2025
Udaipur news
फैक्ट्री के बाहर परिजनों की भीड़। फोटो- पत्रिका

उदयपुर जिले के गुड़ली रीको इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक मिनरल्स फैक्ट्री में काम करते समय मशीन में साड़ी फंसने से महिला की मौत हो गई। ग्रामीण एवं परिजनों के विरोध प्रदर्शन के बाद 11 लाख का मुआवजा देने पर सहमति बनी।

एक मिनरल्स फैक्ट्री में काम करते समय महिला की साड़ी मशीन के रोलर बेल्ट में आ गई। इसके बाद महिला तेज झटके के साथ खिंचती हुई चली गई। इस वजह से महिला की मौत हो गई। मशीन में आने से महिला के पेट का कुछ हिस्सा कट गया। महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

बनता है सॉप स्टोन का पाउडर

बता दें कि इस फैक्ट्री में ही काम करते समय महिला के पति का पहले हाथ कट गया था। सूचना पर डबोक थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। थानाधिकारी हुकम सिंह ने बताया कि गुडली स्थित रीको इंडस्ट्रियल एरिया में मिनरल्स फैक्ट्री है। इसमें सॉप स्टोन का पाउडर बनाने का काम होता है। काम के दौरान प्रतापगढ़ निवासी कमला बाई मीणा की मौत हो गई।

परिजनों-ग्रामीणों का प्रदर्शन

इस घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए मुआवजे की मांग की। विरोध प्रदर्शन के बाद दोनों पक्षों के बीच 11 लाख रुपए के मुआवजे पर सहमति बनी। फैक्टरी में कर्मचारी यूनियन के पुष्कर जोशी ने बताया कि महिला कमला और उसका पति मानसिंह मीणा दोनों इसी फैक्ट्री में काम करते हैं। करीब दो साल पूर्व महिला के पति का भी काम करते समय हाथ कट गया था।

यह वीडियो भी देखें

मुआवजे के तौर पर करीब 25 हजार रुपए फैक्ट्री की तरफ से दिए गए थे, लेकिन जब वो काम पर लौटा तो उसकी सैलरी में से मुआवजे की राशि हर महीने किस्त के रूप में काट ली गई थी। इस घटना के बाद फैक्ट्री मालिकों और परिवार के बीच वार्ता हुई। इस दौरान परिवार को 11 लाख रुपए देना तय हुआ है। इसके बाद लोगों ने धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

Published on:
11 Sept 2025 06:32 pm