उदयपुर

लसानी में महिला किसानों को दलहन उत्पादन की दी जानकारी

Aug 13, 2026
Rajasthan

देवगढ़. राष्ट्रीय दलहन आत्मनिर्भरता मिशन के तहत लसानी के अशोकनगर में एक दिवसीय महिला सामान्य श्रेणी कृषक प्रशिक्षण आयोजित हुआ। इसमें 30 महिला किसानों ने भाग लिया। सहायक कृषि अधिकारी राजेश कुमार माहेश्वरी ने समय पर बुआई, उन्नत किस्म, बीज उपचार, खरपतवार नियंत्रण, फसल की क्रांतिक अवस्थाओं की पहचान तथा कीट-रोग नियंत्रण की जानकारी दी। कृषि पर्यवेक्षक कृष्णा शर्मा ने जैविक खेती, वर्मी कंपोस्ट तैयार करने व उपयोग की विधि बताई। माहेश्वरी ने योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि 400 मीटर तक तारबंदी पर लघु-सीमांत किसानों को 48 हजार, सामान्य किसानों को 40 हजार तथा सामुदायिक तारबंदी पर 56 हजार रुपए अनुदान मिलेगा। पीवीसी/एचडीपीई पाइपलाइन पर क्रमशः 18 हजार व 15 हजार रुपए तक सहायता देय है। फार्म पॉन्ड में प्लास्टिक लाइनिंग पर 1.35 लाख तथा कच्ची खेत तलाई पर 73,500 रुपए अनुदान मिलेगा। सोलर पंप, ड्रिप, स्प्रिंकलर, बैल खेती प्रोत्साहन और कृषि विषय लेने वाली छात्राओं की प्रोत्साहन राशि की भी जानकारी दी गई। किसानों से कहा कि योजना में पहले ऑनलाइन आवेदन कर प्रशासनिक स्वीकृति के बाद ही काम शुरू करें। सत्यापन के बाद राशि जनआधार से जुड़े खाते में मिलेगी। खाद की ऑनलाइन बुकिंग समझाई गई। ऋणी-अऋणी किसानों से 16 अगस्त तक फसल बीमा कराने की अपील की गई।

Updated on:
13 Aug 2026 06:02 am
Published on:
13 Aug 2026 06:02 am