13 अगस्त 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

12 साल के विनोद को आखिरी विदाई देने आगे आया नंदनवन मोक्ष धाम

उदयपुर

image

Newsdesk

Aug 13, 2026

Rajasthan

राजसमंद. अपनों को खोने का दर्द शब्दों में बयां करना मुश्किल होता है, लेकिन ऐसे समय में कोई अनजान परिवार अपना बनकर साथ खड़ा हो जाए तो यह मानवता की मिसाल बन जाती है। जिला मुख्यालय स्थित राजनगर नंदनवन मोक्ष धाम में ऐसा ही संवेदनशील दृश्य देखने को मिला। कांकरोली पुलिस थाना के शक्ति सिंह और मांगू सिंह का फोन मोक्ष धाम के व्यवस्थापक प्रहलाद वैष्णव व कोषाध्यक्ष कमलेश कोठारी के पास आया कि सत्कार विहार, पीपड़ा चुंगी नाका कॉलोनी निवासी मदन दास के 12 वर्षीय पुत्र विनोद वैष्णव की जामनगर रेलवे स्टेशन पर रेल दुर्घटना में मृत्यु हो गई है। दाह संस्कार के लिए शव नंदनवन मोक्ष धाम लाया जाना है। मोक्ष धाम समिति ने परिवार को भरोसा दिलाया कि यहां दाह संस्कार की सभी व्यवस्थाएं कर दी जाएंगी। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव को राजनगर स्थित मोक्ष धाम लाया गया। परिवार में पिता, मां, दादी, एक छोटा भाई और एक छोटी बहन हैं।

मोक्ष धाम समिति के सदस्य कमलेश कोठारी और प्रहलाद वैष्णव की मौजूदगी में हिंदू रीति-रिवाज एवं धार्मिक परंपराओं के अनुसार विनोद का दाह संस्कार किया गया। समिति सदस्यों ने बताया कि ऐसे मामलों में वे मृतक को परिवार का सदस्य मानकर अंतिम यात्रा से जुड़ी हर व्यवस्था करते हैं, ताकि कोई भी व्यक्ति बिना सम्मान के विदा न हो।समिति की ओर से जरूरतमंद परिवारों को दाह संस्कार से जुड़ी सभी सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। अब तक समिति के सदस्य कई परिवारों का सदस्य बनकर शवों का सम्मानजनक अंतिम संस्कार कर समाज को संवेदनशीलता का संदेश दे चुके हैं। दाह संस्कार के दौरान मोहल्लेवासी किशन सिंह, गोपीचंद, रतन सिंह, सुखविंदर, मुकेश और लोकेश सहित अन्य मौजूद रहे।