13 अगस्त 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

फ्लायर……कोहरे के बीच कुंभलगढ़ दुर्ग व परशुराम महादेव पहुंचे श्रद्धालु-पर्यटक

उदयपुर

image

Newsdesk

Aug 13, 2026

Rajasthan

कुंभलगढ़. हरियाली अमावस्या के अवसर पर बुधवार को कुंभलगढ़ दुर्ग और परशुराम महादेव में पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ रही। सुबह से ही क्षेत्र में कोहरा छाया रहा। कम दृश्यता के कारण दुर्ग की ओर जाने वाले मार्गों पर कई वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर वाहन चलाने पड़े। कुंभलगढ़ दुर्ग में यज्ञवेदी चौक, बादल महल सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों पर दिनभर पर्यटकों की आवाजाही बनी रही। हरियाली अमावस्या के चलते बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ दुर्ग की खूबसूरती और बारिश के मौसम का आनंद लेने पहुंचे। कोहरे और चारों ओर फैली हरियाली के बीच दुर्ग का मनमोहक नजारा पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहा। पर्यटकों ने इस सुहाने मौसम में फोटो और वीडियो भी बनाए। वहीं, परशुराम महादेव में भी सुबह से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और हरियाली से घिरे क्षेत्र में धार्मिक वातावरण का आनंद लिया।
चौराहों पर तैनात रही पुलिस
हरियाली अमावस्या पर बढ़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए। केलवाड़ा थानाधिकारी तेजकरण सिंह चारण के नेतृत्व में पुलिसकर्मी प्रमुख चौराहों और मार्गों पर तैनात रहे। पुलिस जवानों ने वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित किया और भीड़ वाले स्थानों पर यातायात व्यवस्था संभाली। दुर्ग क्षेत्र में दिनभर पर्यटकों की आवाजाही के कारण प्रमुख मार्गों पर वाहनों की संख्या भी बढ़ी रही। पुलिसकर्मियों ने यातायात सुचारू बनाए रखने के साथ लोगों की सुरक्षा पर भी नजर रखी। हरियाली अमावस्या पर कुंभलगढ़ में धार्मिक आस्था और पर्यटन का संगम देखने को मिला।