उदयपुर

महज ढाई साल की उम्र में एवरेस्ट की छलांग.. राजस्थान की इस ‘नन्ही’ का कमाल देख अचंभित हुए माउंटेनर

Arya Sikhwal : राजस्थान की नन्हीं सी बच्ची ने अपने माता—पिता के साथ नेपाल के एवरेस्ट बेस कैंप तक पहुंचकर इतिहास रच दिया है। इस 'नन्ही' का कमाल सुन हर भारतीय को गर्व है तो माउंटेनर अचंभित है।
2 min read
May 21, 2024
Arya Sikhwal

Youngest Mountaineer Arya Sikhwal : उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर की ढाई वर्षीय आर्या सिखवाल नेपाल के एवरेस्ट बेस कैंप तक पहुंचने वाली दुनिया की सबसे कम उम्र की बच्ची बन गई हैं। इस नन्हीं सी बच्ची ने अपने पिता सौरव और मां नेहा सिखवाल के साथ बेस कैंप तक पहुंचकर इतिहास रच दिया है। यह हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है। आर्या इस अभियान से पहले पांच महीने तक प्रशिक्षण में थीं और इस दौरान कई रिकॉर्ड तोड़े।

आर्या के पिता सौरव ने बताया कि उन्होंने पिछले एवरेस्ट बेस कैंप में ट्रेक के दौरान कई बच्चों को देखा। जिनमें कोई भी भारतीय नहीं था। इसने मुझे अपनी बेटी को दुनिया में सबसे छोटी उम्र में ईबीसी तक ले जाने के लिए प्रेरित किया। ट्रेक के दौरान प्रमुख गांवों से पहले चिकित्सा जांच केंद्र थे। जहां आर्या के स्वास्थ्य की नियमित जांच की गई। आराम के लिए कई बार ब्रेक लिया और ऊंचाई के साथ अनुकूलन के लिए रोज़ाना फुटबॉल खेला।

5 महीने की मेहनत लाई रंग

मां नेहा सिखवाल ने बताया कि हमने पिछले पांच महीनों से इस ट्रेक के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से तैयारी की थी। आर्या की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता थी और हमने इसे संभव बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए। आर्या के दादा राधेश्याम सिखवाल विफा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। विफा परिवार आर्या की इस उपलब्धि पर गौरवान्वित है।

नहीं पड़ी आपातकालीन हेल्प की जरूरत

आर्या की सुरक्षा के लिए नेपाल के अधिकारियों से विशेष अनुमति ली गई थी। तीन अंतरराष्ट्रीय योग्य शेरपा, एक डॉक्टर, ऑक्सीजन सपोर्ट और आपातकालीन स्थिति में हर घंटे हेलीकॉप्टर बचाव के साथ ट्रेक को पूरा किया गया। हालांकि, आर्या को इनमें से किसी भी आपातकालीन सहायता की आवश्यकता नहीं पड़ी। उसका ऑक्सीजन स्तर पूरे ट्रेक के दौरान समूह के वयस्कों से अधिक रहा।

Updated on:
21 May 2024 07:33 pm
Published on:
21 May 2024 07:33 pm