उदयपुर

लटकते बिजली तारों की चपेट में आने से युवक घायल, मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन

Aug 07, 2026
Rajasthan

रेलमगरा. उपखण्ड क्षेत्र के भराई बंजाराखेड़ा गांव में लटकते विद्युत तारों की चपेट में आने से गंभीर घायल हुए युवक को मुआवजा दिलाने और विद्युत व्यवस्था सुधारने की मांग को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों ने अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) रेलमगरा के सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपा।ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि बुधवार को गांव का युवक तूफान बंजारा नीचे लटक रहे विद्युत तारों की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से विद्युत तार काफी नीचे लटक रहे हैं, जिसकी जानकारी पूर्व में भी विभागीय अधिकारियों को देकर हादसे की आशंका जताई गई थी, लेकिन इसके बावजूद तारों को दुरुस्त नहीं किया गया।ग्रामीणों ने बताया कि कई स्थानों पर तार इतने नीचे हैं कि राह चलते लोग भी उन्हें छू सकते हैं। विभाग की लापरवाही के कारण युवक करंट की चपेट में आ गया, जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे उच्च उपचार के लिए उदयपुर रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि हादसे में युवक के अपाहिज होने की स्थिति को देखते हुए उसके परिवार के भरण-पोषण के लिए उचित मुआवजा देने तथा गांव में झूलते विद्युत तारों को शीघ्र दुरुस्त करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शंकरलाल चौधरी, दयाराम, भगवानलाल, गोवर्धनलाल, मदनलाल, कालूराम, धनराज, लक्ष्मणलाल, रतनलाल, सुनील कुमार, शंभूलाल, बद्रीलाल सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

Updated on:
07 Aug 2026 06:01 am
Published on:
07 Aug 2026 06:00 am