उदयपुर

Rajasthan: कांग्रेस ने शुरू की 2028 की तैयारी, पहले निकाय फिर विधानसभा चुनाव जीतने का दिया मंत्र, डोटासरा ने बताया तरीका

राजस्थान के उदयपुर जिले कांग्रेस का संभाग स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें कांग्रेस नेताओं ने निकाय चुनाव के जरिए विधानसभा चुनाव जीतने का कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मंत्र दिया।

2 min read
Jul 05, 2025
उदयपुर में कांग्रेस का सम्मेलन (फोटो-पत्रिका)

उदयपुर। कांग्रेस का संभाग स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन शुक्रवार को सुखाडिया रंगमंच पर हुआ। उदयपुर, चित्तौडगढ़, राजसमंद और बांसवाड़ा जिलों के पदाधिकारी जुटे। प्रदेश प्रभारी, सहप्रभारी, प्रदेशाध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। प्रदेश नेतृत्व ने पहले निकाय चुनाव और फिर उसके बूते विधानसभा चुनाव जीतने का लक्ष्य दिया। वक्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर बयानबाजी की। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर मजबूती का मंत्र दिया। कांग्रेस को मजबूत करने के लिए ब्लॉक और बूथ लेवल पर काम करने की बात कही।

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखजिंदरसिंह रंधावा ने कहा कि राहुल गांधी संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। अहंकारी मोदी सरकार युवाओं को भ्रमित कर रही है। मेवाड़ में कांग्रेस मजबूत होगी। आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनेगी और लोकसभा चुनाव में भाजपा का खाता भी नहीं खुलेगा।

पवन खेड़ा ने पीएम मोदी पर साधा निशाना

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि मोदी सरकार ने दुनिया के सामने देश का सिर झुका दिया। राहुल गांधी ने मोदी सरकार को कई बार यू-टर्न करवा दिया। जातीय जनगणना इसका बड़ा उदाहरण है। कांग्रेस और राहुल गांधी के दबाव से मोदी सरकार को जातीय जनगणना कराने को मजबूर होना पड़ा।

बूथ मजबूत करने की सलाह

प्रदेश सहप्रभारी ऋत्विक मकवाना ने कहा कि राजस्थान में आगामी विधानसभा चुनाव में संभाग में कांग्रेस बड़ी जीत हासिल करेगी। कार्यकर्ताओं को हर बूथ तक जाना होगा और सभी से समन्वय कर कांग्रेस को मजबूत करना होगा। कार्यकर्ता को जिम्मेदारी देकर कांग्रेस को मेवाड़ में मजबूत करें।

2009 से क्यों कम हुआ कांग्रेस का वोट?

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी ने कहा कि हमें मैनेजमेंट समझकर बूथ मजबूत करना और युवाओं से संवाद करना होगा। इलेक्टोरल पॉलिटिक्स में वोट की महत्ता समझें। 2009 के बाद से कांग्रेस का वोट कम क्यों हो रहा है, इस पर मंथन करें। बूथ तक वोट नहीं बढ़ाएंगे, तब तक चुनाव नहीं जीत सकते।

टीकाराम जूली ने विधानसभा में सरकार बनाने का किया दावा

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस आ रही है। विश्व पटल पर मोदी सरकार ने देश को कमजोर करने का प्रयास किया है। हमारी योजनाओं को पर्ची सरकार बंद कर रही है। झूठ बोलकर भ्रमित कर रही है। कार्यकर्ता अभी संघर्ष करेगा तो राजस्थान नेतृत्व प्रोत्साहित करेगा।

डोटासरा ने कहा सरकार नहीं चल रहा सर्कस

प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि राजस्थान में सरकार नहीं सर्कस चल रहा है। पोपा बाई का राज चल रहा है। मुख्यमंत्री मंत्रियों की नहीं सुनते, मंत्री विधायकों की नहीं सुनते। जो कार्यकर्ता मन से काम करेगा, उसे मौका मिलेगा। स्थानीय निकाय चुनाव में जीतकर विधानसभा चुनाव में जीत दिलाएंगे।

गिरिजा व्यास को किया याद

पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास के निधन पर मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। सम्मेलन शुरू होने से पहले देहात कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष मोहब्बत सिंह राणावत, शहर जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष शैलेन्द्र औदिच्य, गोपाल नागर और महेश त्रिपाठी के नेतृत्व में नेताओं को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

इनकी रही भागीदारी

देहात प्रवक्ता डॉ. संजीव राजपुरोहित ने बताया कि देहात जिलाध्यक्ष कचरू लाल चौधरी, शहर जिलाध्यक्ष फतहसिंह राठौड़ ने भी संबोधित किया। संचालन पीसीसी सदस्य परमानन्द मेहता ने किया। उदयपुर प्रभारी विधायक घनश्याम मेहर, देहात जिला कांग्रेस प्रभारी विधायक इंदिरा मीणा समेत तमाम कांग्रेस के पदाधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें

शेरगढ़ पहुंचे CM भजनलाल शर्मा, सजे-धजे ऊंट पर की सवारी, वीरांगनाओं का किया सम्मान

Updated on:
05 Jul 2025 09:21 pm
Published on:
05 Jul 2025 08:14 pm
Also Read
View All

अगली खबर