उज्जैन

जूते पहनकर मंदिर में घुसा चोर, माता को प्रणाम किया और चुरा ले गया 4 किलो गहने और छत्र, देखें CCTV

Ujjain News : माता मंदिर में चोरी की वारदात हुई, जो मंदिर में लगे सीसीटीवी में कैद हुई है। एक चोर जूते पहनकर खिड़की के रास्ते मंदिर में घुसा। पहले उसने माता को प्रणाम किया, फिर चांदी के छत्र और आभूषण चुराकर फरार हो गया।
2 min read
Ujjain News
आशापुर माता मंदिर में चोरी (Photo Source- Temple CCTV Screenshot

Ujjain News : मध्य प्रदेश में बेखौफ चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि, वो धार्मिक स्थलों को भी निशाना बनाने से गुरेज नहीं करते। इसकी ताजा बानगी देखने को मिली उज्जैन जिले के घट्टिया थाना इलाके के अंतर्गत आने वाले नजरपुर में स्थित माता मंदिर में। यहां बीती रात दो से तीन चोरों ने मंदिर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरी की वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई, जिसमें एक चोर जूते पहनकर मंदिर में घुसता नजर आया। पहले उसने माता को प्रणाम किया, फिर चांदी के छत्र व अन्य आभूषण चुराकर फरार हो गया। चोरी गए माता के चांदी के आभूषणों का कुल वजन चार किलों बताया जा रहा है।

इधर, घटना की जानकारी लगते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरु कर दी है। पुलिस के अनुसार, नजरपुर में मां आशापुर का मंदिर है, जहां रात करीब सवा तीन बजे चोरी की घटना घटी है। जूते पहने एक चोर खिड़की के रास्ते मंदिर के अंदर घुसा। यहां उसने सबसे पहले माता को प्रणाम किया और चांदी के छत्र समेत अन्य आभूषण निकाले और एक बाल्टी में रखकर बाहर खड़े दूसरे चोर को दे दिए। मामले का खुलासा अगली सुबह उस समय हुआ, जब मंदिर के पुजारी अंदर पहुंचे। उन्होंने ही ग्रामीणों को सूचना दी थी।

सीसीवीटी में कैद हुई वारदात

साथ ही, ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि, चोरी गए आभूषण और छत्र करीब चार किलो वजनी चांदी के थे। मौजूदा समय में उनकी कीमत लाखों में है। वैसे तो सीसीटीवी फुटेज में सिर्फ दो चोर ही नजर आए हैं, लेकिन पुलिस का मानना है कि, वो इससे अधिक भी हो सकते हैं। फिलहाल, पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है।

Updated on:
29 Jan 2026 01:14 pm
Published on:
29 Jan 2026 01:14 pm