
उज्जैन/बडऩगर. नगर के शाहजीलालपुरा में छत पर चार वर्षीय भाई के साथ सो रही डेढ़ साल की मासूम से एक युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। युवक जब यह हरकत कर रहा था, तभी मासूम की मां के वहां पहुंचने पर आरोपी छत से कूदकर भाग गया।
बच्चों को छत पर सुलाकर खाना बनाने चली गई थी मां
एएसआई सत्येंद्र चौधरी ने बताया शाहजीलालपुरा स्थित जुमा मस्जिद के सामने स्थित घर की छत पर शुक्रवार रात 11 बजे मां चार साल के बेटे व डेढ़ साल की बेटी को सुलाकर खाना बनाने नीचे कमरे में आई थी। थोड़ी ही देर में बेटी के रोने की आवाज सुन मां छत पर पहुंची तो देखा बच्ची निर्वस्त्र है और चेतन पिता सत्यनारायण निवासी कुम्हारसेरी उससे दुष्कर्म का प्रयास कर रहा है।
बच्ची और तुम्हें जान से मार दूंगा
मां के आते ही चेतन खड़ा हो गया और बोला किसी को कुछ बताया तो बच्ची और तुम्हें जान से मार दूंगा। युवक पीछे छत की पेड़ी से नीचे कूद गया। मां के चिल्लाने पर नीचे रोड पर टहल रहे नासिर ने युवक को भागते हुए देख लिया।
चेतन को पुलिस ने पकड़ा
बच्ची के परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने रविवार रात आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 376 (2) आई 511 के साथ ही 7,8,9 एम, 9 यू के तहत प्रकरण दर्ज कर चेतन को गिरफ्तार कर लिया है।
करीब २०० लोग पहुंचे थाने
एएसआई ने बताया रविवार रात आरोपी चेतन को गिरफ्तार करने की मांग करते हुए करीब २०० लोग एकत्रित होकर थाने आए थे। रमजान पर्व को देखते हुए तुरंत आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसे मंगलवार को कोर्ट में पेश करेंगे।
नाबालिग के साथ छेड़छाड़
उज्जैन. नीलगंगा थाना क्षेत्र के धन्नालाल की चाल जैन मंदिर के पास रविवार दोपहर १.३० बजे बदमाश ने नाबालिग का रास्ता रोककर छेड़छाड़ की। बदमाश नाबालिग के साथ झूमाझटकी करता रहा और आसपास के लोग देखते रहे। बाद में किसी तरह बदमाश के चंगुल से छूटकर नाबालिग दौड़कर घर पहुंची। परिजनों ने नीलगंगा थाना पहुंच कर रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
नीलगंगा थाना पुलिस के अनुसार जयसिंहपुरा क्षेत्र की १६ वर्षीय किशोरी धन्नालाल की चाल से गुजर रही थी। तभी बदमाश कुंदन माली ने उसका रास्ता रोककर बड़ी बहन के बारे पूछा और नहीं बताने पर उससेछेड़छाड़ कर झूमाझटकी करने लगा। बाद में परिजनों ने थाना पहुंच कर रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
चाय में नशीला पदार्थ पिलाया
उज्जैन. शनिवार को घर जा रही नाबालिग को उसका परिचित अपने घर ले गया और चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। हालांकि इसके पूर्व नाबालिग को होश आने पर किसी तरह परिचित के चंगुल से छूटकर घर पहुंची। इसकी शिकायत परिजनों ने नीलगंगा थाने में दर्ज करवाई है, रविवार सुबह पुलिस ने नाबालिग का मेडिकल करवाया। महाकाल थाना पुलिस के अनुसार भय्यू उर्फ प्रकाश निवासी जयसिंहपुरा क्षेत्र की परिचित नाबालिग को बहला फुसला कर ले गया था। परिजनों ने इसकी शिकायत की है। जिस पर बदमाश के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।