
Ujjain news: मध्यप्रदेश के उज्जैन शहर में पीएम आवास योजना का लाभ लेने वाले हितग्राहियों के लिए बुरी खबर है। सेवा से संकल्प अभियान में गरीबों को पक्के मकान देने के दावे हो रहे हैं, वहीं एक हकीकत यह भी है कि पीएम आवास मंछामन मल्टी के हितग्राहियों की यह दीपावली भी बिना गृह प्रवेश के ही निकलेगी। आठ वर्ष से अधिक समय होने के बावजूद मल्टी का निर्माण अब तक अधूरा है और काम ठप्प पड़ा हुआ है। पीएम आवास योजना अंतर्गत नगर निगम मंछामन मल्टी का निर्माण कर रहा है। वर्षों बाद निगम निर्माण पूरा नहीं कर सका है।
इधर, महापौर मुकेश टटवाल कई बार बार निरीक्षण कर निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश दे चुके हैं, जो कोरे ही साबित हुए हैं। अब टटवाल ने निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा को पत्र लिख मल्टी का निर्माण पूरा करवाने का कहा है। टटवाल के अनुसार, ठेकेदार 3-4 करोड़ रुपए का भुगतान लंबित हो गया है। इसके चलते ठेकेदार ने निर्माण कार्य बंद कर रखा है। टटवाल ने निगमायुक्त को पत्र लिख ठेकेदार को राशि भुगतान करने का कहा है जिससे निर्माण पूरा हो सके। इसके लिए उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर लोन लेने का भी कहा है।
योजना अंतर्गत मंछामन मल्टी में ईडब्ल्यूएस श्रेणी की आवासीय इकाइयों के कुल 6 ब्लॉक में 288 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें आई और जे ब्लॉक का काम 95 प्रतिशत वहीं सी और डी ब्लॉक का कार्य 10 प्रतिशत तक व जी और एच का कार्य भी प्रचलित है। निर्माण पूरा नहीं होने के कारण हितग्राहियों को फ्लेट का आवंटन नहीं हो सका है। 7-8 वर्षों से हितग्राही अपने मकान में दीपावली के दीप जलाने का सपना देख रहे हैं लेकिन इस बार सपना पूरा होने की उम्मीद न के बराबर है।
बता दें कि प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) भारत सरकार की एक प्रमुख योजना है। इस योजना के अंतर्गत देश के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में रहने वाले गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बुनियादी सुविधाओं (पानी, बिजली और शौचालय) से युक्त पक्का मकान उपलब्ध कराना है। इस योजना को जून 2015 में शुरू किया गया था। इस योजना का मुख्य उद्देश्य गरीबों को आवास प्रदान करना है।
योजना के तहत 1.20 लाख और पहाड़ी व कठिन क्षेत्रों में 1.30 लाख की वित्तीय सहायता दी जाती है। न्यूनतम घर का आकार 25 वर्ग मीटर तय किया गया है।