
Ujjain News :मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को सूबे के उज्जैन जिले में स्थित मां चामुंडा धाम गजनीखेड़ी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 22 करोड़ 34 लाख रुपए लागत के विभिन्न विकास और निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उनके साथ सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक बड़नगर जितेंद्र पण्ड्या, विधायक नागदा तेज बहादुर सिंह चौहान समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुखयमंत्री यादव ने कहा कि, प्रदेश में मोरों के संरक्षण और पुनर्वास के लिए नया प्रोजेक्ट लाया जा रहा है। बड़नगर में फूड प्रोसेसिंग पार्क बनाया जाएगा, जिससे स्थानीय किसानों एवं युवाओं को रोजगार के नये अवसर मिलेंगे। भाट पचलाना और इंगोरिया में नये सांदीपनि विद्यालय खोले जाएंगे। उज्जैन और आगर में आलू प्रसंस्करण की नई यूनिट प्रारंभ हो रही है जो प्रदेश के 35 जिलों के किसानों से आलू खरीदेगी, जिससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि, सिंहस्थ की तैयारी के चलते 25 हजार करोड़ के विभिन्न विकास कार्य प्रगतिरत हैं। मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा योजना दोबारा शुरु की गई है, जिससे ग्रामीण और शहरी इलाकों में आवागमन सुगम हुआ है। दुग्ध सहकारी समितियों के माध्यम से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने ये भी कहा कि, प्रदेश सरकार ने एशिया से विलुप्त हो चुके चीतों को दोबारा प्रदेश में स्थापित करने का काम किया है। सड़क दुर्घटना में घायलों को अस्पताल पहुंचाने वाले राहवीरो को 25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। साथ ही, आवश्यकता पर एयर एम्बुलेंस और हेली सेवा के माध्यम से निः शुल्क उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है। प्रदेश से नक्सलवाद समाप्त हो गया है, मध्य प्रदेश लाल सलाम को आखिरी सलाम करने वाला प्रदेश बन गया है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि, बड़नगर में कवि प्रदीप सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। साथ ही गीता भवन का निर्माण भी होगा।