
Ujjain Hotel Case : मध्यप्रदेश के उज्जैन में श्रीगंगा होटल में वेस्ट टैंक की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। टैंक में उतरे कर्मचारियों में से एक के गिरने के बाद उसे बचाने के प्रयास में 4 अन्य कर्मचारी भी टैंक में उतर गए। जहरीली गैस और टैंक में मौजूद गंदगी के कारण सभी बेहोश हो गए। शनिवार देर रात हुए इस हादसे में चार कर्मचारियों कमलेश, नितिन, वाहिद और मनोज मीणा की मौत हो गई। एक को पुलिस ने सुरक्षित निकालकर इलाज के लिए चरक अस्पताल भेजा। हादसे पर रविवार को सीएम मोहन यादव ने दुख जताया है। उन्होंने प्रभावितों के परिजनों को सहायता राशि देने का ऐलान किया है।
हादसे के बाद 3 मजदूरों को एक साथ सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया पर उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। होटल परिसर में बने वेस्ट टैंक में रेस्टोरेंट का बचा हुआ भोजन एवं अन्य अपशिष्ट जमा होता है। बताया जा रहा है कि इस गहरे अंडरग्राउंड चैंबर में डेयरी वेस्ट और मिठाइयों के अवशेष भी भरे थे। इसकी 8-10 दिन में सफाई होती है। शनिवार रात सफाई के लिए बाहर से कर्मचारी बुलाए।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, रात 12 बजे कर्मचारी टैंक पर चढ़कर सफाई कर रहा था। तभी पैर फिसला और वह टैंक में जा गिरा। उसे बचाने के लिए अन्य कर्मचारी भी एक-एक कर नीचे उतरते गए और बेहोश हो गए। रेस्क्यू टीम ने सभी को निकालकर सीपीआर दिया। एंबुलेंस से सभी को चरक अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने 4 लोगों को मृत घोषित कर दिया। एक खतरे से बाहर हैं।
रविवार को मिली जानकारी के अनुसार हादसे का कारण टैंक में बनी जहरीली गैस और फिसलन माना जा रहा है। होटल संचालक हेमंत गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वेस्ट टैंक की सफाई का काम निजी ठेका कंपनी को सौंपा है। टैंक में उतरे सभी कर्मी उसी के थे। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
विशेषज्ञों ने हादसे के दूसरे दिन बताया कि रेस्टोरेंट के वेस्ट टैंक में खाद्य पदार्थों, डेयरी, मिठाइयों आदि के कचरे से सडऩे और ऑक्सीजन की कमी से कई तरह की जहरीली गैसें बनती हैं। इनमें मीथेन, हाइड्रोजन सल्फाइड, कार्बन डायऑक्साइड और अमोनिया गैस बनती है। यह ज्वलनशील, विस्फोटक, आंखों और सांस की नली में जलन कर सकती है। दम घुटने से मौत हो सकती है।
हादसे पर सीएम मोहन यादव ने दुख जताया है। रविवार को उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया।
उज्जैन में एक निजी होटल में चैंबर की सफाई के दौरान हुई दुर्घटना में चार लोगों के दुखद निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।
राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
ॐ शांति!