
मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर के अंतर्गत आने वाले नीलगंगा थाना इलाके में स्थित सुभाषनगर कॉलोनी के एक में मंगलवार रात 2 बजे एक चोर घुस आया। चोर अभी घर से सामान समेट ही रहा था कि, घर के 67 वर्षीय बुजुर्ग ने उसे देख लिया। फिर क्या था बुजुर्ग ने हिम्मत दिखाते हुए घर से सामान समेटने वाले चोर को दबोच लिया। इसके बाद चोर करीब 10 मिनट तक बुजुर्ग से कान पकड़कर माफ़ी मांगता रहा, लेकिन बुजुर्ग ने इस दौरान चोर की जमकर पिटाई कर दी। इस बीच चोर ने बुजुर्ग पर घर में रखे खिलोने से हमला किया और मौके से निकला। हालांकि, बाद में पुलिस ने आरोपी चोर को पकड़कर उसके कब्जे से चोरी किया सामान जब्त कर लिया है।
बताया जा रहा है कि, चोरी की ये घटना मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात 2 बजकर 12 मिनट से 2 बजकर 16 मिनट के बीच की है। इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें होटल का व्यवसाय करने वाले सुभाषनगर में रहने वाले 67 वर्षीय फरियादी दयाराम लालवानी के यहां चोरी करने चोर घुसा। उसने आलमारी का ताला तोड़कर नकदी के साथ साथ जेवरात पर हाथ साफ कर लिया था। इसी बीच बुजुर्ग लालवानी की नींद खुल गई और उन्होंने चोर को रंगेहाथ पकड़ लिया। इसके बाद करीब पांच मिनट तक दोनों के बीच संघर्ष हुआ। जिसका वीडियो सामने आया है।
बुजुर्ग और चोर के बीच हुए संघर्ष का वीडियो
वीडियो में सामने आया है कि, बुजुर्ग लालवानी ने चोर की कॉलर पकड़ रखी है। लालवानी चोर को पीटते हुए भी दिख रहे हैं। कई बार चोर हाथ जोड़कर और कान पकड़कर छोड़ने का कहता भी दिखाई दे रहा है। करीब 5 मिनट बाग चोर ने कमरे में रखे खिलोने से लालवानी पर हमला किया और धक्का देकर भाग निकला।
पुलिस ने चोर को पकड़कर जब्त किया माल
मामले को लेकर फरियादी लालवानी का कहना है कि, आधी रात को कमरे में खटपट आवाज सुनाई देने पर मैने उठकर देखा कि, कमरे की लाइट चालू थी। अंदर एक लड़का अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखा सामान निकाल रहा था। फिलहाल, चोर अपने साथ 12 हजार नगद और सोने की चेन लेकर भाग था। हालांकि, घटना के तुरंत बाद ही पुलिस में शिकायत दर्ज होते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान कर उसे दबोच लिया। आरोपी से चोरी का माल भी जब्त कर लिया गया है।