Congress Kisan Nyay Yatra: उज्जैन में किसान न्याय यात्रा और जनसभा से पहले कांग्रेस में तगड़ी फूट सामने आई है। एक धड़ा आंदोलन में जुटा, तो दूसरा अलग मंच लगाकर संगठन सृजन पर नाराजगी जताएगा।
MP News: उज्जैन में कांग्रेस 12 सितंबर को किसान न्याय यात्रा (congress kisan nyay yatra) और जनसभा का आयोजन करेगी। प्रदर्शन में पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित कई बड़े नेताओं के शामिल होने का दावा किया जा रहा है। एक और शहर व जिला कांग्रेस आयोजन को सफल बनाने में लगी है वहीं कांग्रेस के ही एक बड़े धड़े ने आंदोलन में शामिल होने से इनकार कर दिया है। ऐसे में सरकार का विरोध करने जा रही कांग्रेस को उज्जैन में अपने ही नेताओं के विरोध की चुनौती का सामना करना पड़ेगा।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश परमार पर शहर अध्यक्ष मुकेश भाटी ने बताया, प्रदर्शन में प्रदेशभर में समस्याओं से जूझ रहे किसानों की आवाज उठाने के लिए जनसभा का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद किसान न्याय यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की सत्ता में बैठी भाजपा सरकार और प्रदेश की सरकार वोट चोरी से बनी है। उज्जैन में तो महापौर का चुनाव ही चोरी कर लिया था।
आंदोलन के बाद किसानों की सोयाबीन फसल का तत्काल सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने की मांग का ज्ञापन भी देंगे। चिमनगंज मंडी में शुक्रवार सुबह 11.30 बजे से जनसभा आयोजित की जाएगी। इसमें वक्ता राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह, संजय दत्त, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, सज्जनसिंह वर्मा आदि रहेंगे।
बुधवार को कांग्रेस संगठन सृजन अभियान से नाराज कांग्रेस नेताओं ने बैठक की। इसमें निर्णय लिया कि 12 सितंबर को मंडी में होने वाले किसान सम्मेलन में शामिल नहीं होंगे बल्कि अलग से मंच लगाकर आने वाले नेताओं का स्वागत किया जाएगा और गलत सृजन अभियान की बात रखी जाएगी। उज्जैन में मुकेश भाटी को दोबारा शहर अध्यक्ष बनाने के साथ ही जिले में महेश परमार को जिलाध्यक्ष बनाए जाने का विरोध किया जाएगा। बैठक में डॉ. बटुकशंकर जोशी, चेतन यादव, माया त्रिवेदी, मुरली मोरवाल, महेश सोनी, कैलाश बिसेन, परमानंद मालवीय मौजूद थे।