Road Accident : जिले के नागदा-महिदपुर मार्ग पर स्थित रूपेटा गांव के पास दो बाइकों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें 3 युवकों की दर्दनाक मौत हो गई है।
Road Accident :मध्य प्रदेश में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। हालात ये हैं कि, एमपी में रोजाना सैकड़ों लोग सड़क दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। इनमें से दर्जनों जान भी गवा रहे हैं। ऐसे ही एक दर्दनाक सड़क हादसे की ताजा बानगी उज्जैन जिले के नागदा से सामने आई, जहां नागदा-महिदपुर मार्ग पर स्थित रूपेटा गांव के पास एक भीषण सड़क हादसे के चलते तीन परिवारों में मातम छा गया है। बता दें कि, यहां दो बाइकों के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में 3 युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मामले की जांच में जुटी पुलिस का कहना है कि, एक बाइक पर इंदौर जिले के देपालपुर में रहने वाले आबिद और अनवर आ रहे थे। जबकि, दूसरी बाइक पर डाक विभाग के कर्मचारी राहुल गुर्जर सवार थे। दोनों तरफ से तेज रफ्तार में आ रही बाइकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के चलते तीनों बाइक सवारों को स्थानीय लोगों ने अचेत अवस्था में अस्पताल पहुंचाया।
हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने 112 इमरजेंसी सेवा पर सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत ही नागदा के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बता दें कि, ये हादसा नागदा मंडी थाना इलाके में हुआ है। शुरुआती जांच में ओवर स्पीडिंग और संभवतः लेन क्रॉसिंग को मुख्य कारण माना जा रहा है। फिलहाल, पुलिस ने दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।