
Khade Hanumanji Sunderkand reels viral: उज्जैन शहर के व्यस्ततम व्यावसायिक क्षेत्र सतीगेट-सराफा बाजार स्थिति खड़े हनुमान मंदिर में मंगलवार को संध्याकालीन आरती के दौरान आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। रोड चौड़ीकरण में विस्थापन को लेकर चर्चा में आए मंदिर प्रांगण में भव्य आरती एवं संगीतमय सुंदरकांड पाठ का विशेष आयोजन किया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। आरती के समय पूरा मंदिर परिसर 'जय श्रीराम' और 'जय बजरंगबली' के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान रहा। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओ ने संकटमोचन हनुमान के दर्शन कर आरती में सहभागिता की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
अति प्राचीन खड़े हनुमान मंदिर की प्रतिमा के विस्थापन (Khade Hanumanji relocation) को लेकर साधु-संतों और हिंदूवादी संगठनों का विरोध जारी है। पुरातत्वविद् प्रो. डॉ. रमण सोलंकी के अनुसार, यह दुर्लभ प्रतिमा मालवा के बेसाल्ट पत्थर से बनी है और परमार काल व राजा भोज की शिल्पकला को दर्शाती है। साधु-संतो और हिंदूवादी संगठनों का कहना है कि जब भगवान हनुमान स्वयं प्रतिमा को हटाया जाना नहीं चाहते, तो प्रशासन आखिर प्रतिमा को विस्थापित करने का प्रयास क्यो कर रहा है। बता दें कि, शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने मंदिर के विस्थापन की कार्रवाई शुरू की थी। कार्रवाई करने आई टीम ने मंदिर की दीवार और शिखर को हटा दिया था लेकिन प्रतिमा को हिला नहीं पाए। 72 घंटे तक विशेषज्ञों की जांच के बाद रविवार को कार्रवाई रोकने का फैसला लिया गया।
सतीगेट स्थित खड़े हनुमान मंदिर में प्रतिदिन उमड़ रही भक्तों की भीड़ और संध्या आरती का नजारा इन दिनो सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र है। आरती के दौरान दीपो की जगमगाहट और युवाओं के उत्साह से भरे वीडियो व रील्स इंस्टाग्राम, फेसबुक व व्हाट्एप पर तेजी से वायरल हो रहे है।
प्रतिदिन उमड़ रहे हजारों भक्तः हर शाम आरती के समय सतीगेट चौराहे और सराफा बाजार में हजारों की संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
संगीतमय सुंदरकांड का पाठः मंगलवार को विशेष अवसर पर सुंदरकांड के पाठ का आयोजन हुआ. जिसमें स्थानीय भजनी मंडलियों व युवाओं ने सहभागिता की।
दिव्य श्रृंगार और महाआरतीः संध्याकाल में हनुमान जी की प्रतिमा का आकर्षक श्रृंगार कर महाआरती उतारी गई, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में भक्त मौजूद।