उज्जैन

Sawan Somvar 2021 महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए बना स्पेशल शेड्यूल

सावन के अंतिम सोमवार को सुबह से ही लग गई दर्शन करनेवाले भक्तों की कतार  

2 min read
Aug 16, 2021
Mahakal Mahakal Mandir Mahakal Temple Mahakal Sawari Mahakal Prasad
Mahakal Mahakal Mandir Mahakal Temple Mahakal Sawari Mahakal Prasad

उज्जैन. सोमवार को महाकालेश्वर मंदिर परिसर सुबह से ही महाकाल बाबा के जयकारों से गूंज उठा। सावन के अंतिम सोमवार को महाकाल दर्शन और पूजन के लिए यहां भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह निर्धारित समय पर ठीक 4 बजे मंदिर में बाबा की भस्म आरती की गई और इसके बाद पट खोल दिए गए। भस्म आरती प्रारंभ होने के पहले ही मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी लाइन लग चुकी थी।

सोमवार को भक्तों को दो गेटों से प्रवेश दिया जा रहा है। महाकाल के दर्शन के लिए उमड़े भक्तों के लिए सुबह 5 बजे मंदिर के द्वार खोल दिए गए थे। इससे पहले बाबा महाकाल का सावन सोमवार का परंपरागत श्रृंगार किया गया। महाकालेश्वर ज्योतिलिंग पर चन्दन का लेप किया गया, कुमकुम लगाया गया और भांग, बेल पत्र अर्पित किए गए. इसके साथ ही फल आदि से भी श्रृंगार किया गया।

महाकाल बाबा का पंचामृत अभिषेक किया गया और विशेष पूजा—अर्चना की गई। अद्भुत श्रृंगार और भस्म आरती के बाद सुबह 5 बजे से महाकाल के दर्शन का सिलसिला प्रारंभ किया गया। सोमवार को श्रद्धालुओं को सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे तक दर्शन कराया जाएगा. इसके बाद शाम 7 से 9 बजे तक भी महाकाल के दर्शन कराए जाएंगे।

सावन के अंतिम सोमवार प्री-बुकिंग करानेवालों को ही दर्शन की सुविधा दी गई है। इस दिन 251 रुपए वाला काउंटर बंद रखा गया है। हालांकि सावन का अंतिम सोमवार होने की वजह से यहां हजारों भक्त उमड़ पड़े हैं। ऐसे में पिछले सोमवारों की ही तरह यहां आए सभी भक्तों को दर्शन कराने की इजाजत दी जा सकती है। आज शाम 4 बजे महाकाल बाबा की सवारी भी निकलेगी।

Published on:
16 Aug 2021 08:38 am