उज्जैन

हॉस्पिटल में हिस्ट्रीशीटर की पुलिसकर्मियों के साथ शराब पार्टी का वीडियो वायरल

MP NEWS: जेल से अस्पताल लाया गया था हिस्ट्रीशीटर, शराब पार्टी और जुआ खेलते वीडियो वायरल होने के बाद पांच पुलिसकर्मी सस्पेंड..।

2 min read
May 29, 2025

MP NEWS: वैसे तो पुलिस और क्रिमिनल का रिश्ता हमेशा एंटी रहता है लेकिन मध्यप्रदेश के उज्जैन में इससे उलट एक मामला सामने आया है। यहां एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश का हॉस्पिटल में पुलिसकर्मियों के साथ शराब पार्टी करते हुए और ताश खेलते हुए वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और तुरंत एसपी ने पांच पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। जो वीडियो सामने आया है वो चरक अस्पताल की चौथी मंजिल पर जेल वार्ड के पास बने केबिन का है। इसमें जो हिस्ट्रीशीटर पुलिसकर्मियों के साथ शराब पार्टी और ताश खेलते दिख रहा है उसका नाम अजय सिंदल है जो कि अपने चाचा पर जानलेवा हमले के आरोप में पकड़ा गया है।

देखें वीडियो-

बदमाश कैदियों की एशगाह बना जिला अस्पताल

गुरुवार को भी जो वीडियो सामने आया उसमें पुलिस कर्मी केबिन में वर्दी खूंटी पर टांग हिस्ट्रीशीटर अजय सिंदल के साथ शराब और जुआं पार्टी कर रहे हैं। जबकि आरोपी को चरक के डॉक्टर ने हाई ब्लड प्रेशर का मरीज बताते हुए उसकी शुगर भी हाई बताई है। इसी रिपोर्ट के आधार पर उसे 15 दिन के लिए डॉक्टर ने अस्पताल के वार्ड में भर्ती कर रखा है। लेकिन बीपी और शुगर दोनों का ही इलाज अस्पताल में किस तरह से हो रहा है ये अब सामने आ चुका है। मजे की बात यह है कि महज 101 दिन में हिस्ट्रीशीटर अजय दूसरी बार चरक अस्पताल के वार्ड में पहुंचा है।

सगे चाचा पर किया था जानलेवा हमला

वीडियो में दिख रहा हिस्ट्रीशीटर अजय सिंदल ने 1 सितंबर 2024 को निजातपुरा में अपने सगे चाचा अनिल सिंदल निवासी ढोली गली पर प्रापर्टी विवाद में धार दार हथियार से हमला कर दिया था। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इससे पहले फरवरी के महीने में अजय सिंदल बीमारी का बहाना बनाकर चरक में भर्ती हुआ था और तब भी डॉक्टर ने उसे हाईब्लड प्रेशर और शुगर का मरीज बताया था और करीब 15 दिन तक अस्पताल में गुजारने के बाद वो वापस जेल चला गया था। अब एक बार पिछले 12 दिनों से चरक में भर्ती है।

Published on:
29 May 2025 09:37 pm
Also Read
View All

अगली खबर