MP News: सभी भवन स्वामियों को मुआवजा दिया जाएगा। शेष दो मकानों स्वामियों की सहमति नहीं मिलने से भू-अर्जन की कार्रवाई की जाएगी।
MP News: श्री महाकालेश्वर मंदिर के नजदीक यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए बड़ी कार्रवाई हुई। नगर निगम, स्मार्ट सिटी ने भारत माता मंदिर से अहिल्याबाई चौराहा (बेगमबाग मार्ग) तक मार्ग निर्माण के लिए 14 में से 12 मकानों को तोड़ दिया। अब भारत माता मंदिर से बेगमबाग रोड 15 मीटर चौड़ी और 60 मीटर लंबी सीधी सड़क उपलब्ध होगी। भारत माता मंदिर पार्किंग स्थल से अहिल्याबाई चौराहा तक स्मार्ट सिटी 15 मीटर चौड़ा मार्ग बना रही है। इसमें 14 मकान प्रभावित हो रहे हैं। आपसी सहमति के बाद निगम और स्मार्ट सिटी ने प्रशासन-पुलिस के सहयोग से 12 मकानों को तोड़ने की कार्रवाई की।
सभी भवन स्वामियों को मुआवजा दिया जाएगा। शेष दो मकानों स्वामियों की सहमति नहीं मिलने से भू-अर्जन की कार्रवाई की जाएगी। निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा ने कार्रवाई का निरीक्षण किया। कार्रवाई में निगम अपर आयुक्त व स्मार्ट सिटी सीईओ संदीप शिवा, सीएसपी राहुल देशमुख, तहसीलदार शैफाली जैन मौजूद रहे। बता दें कि रोड निर्माण लिए पहले ही टेंडर प्रक्रिया हो चुकी है। मंगलवार को ठेकेदार ने मौके पर संसाधन स्थापित करने भी शुरू कर दिए।
भारत माता मंदिर वाहन पार्किंग स्थल तक पहुंचने के लिए बेमगबाग रोड से 90 डिग्री का मोड़ लेकर जिगजैग और सकरे रोड से पहुंचना पड़ता है। पार्किंग से आने-जाने के लिए सिंगल रोड है। इससे बेगमबाग अहिल्याबाई चौराहे पर रोज कई बार वाहन आमने-सामने हो जाते हैं और जाम की स्थिति बनती है। इसका असर बेगमबाग नीलकंठेश्वर मार्ग तिराहे से लेकर महाकाल रोड चौराहे व इसके आगे तक पड़ता है। 15 मीटर चौड़ा व 60 मीटर लंबा सीधा रोड़ बनने के बाद पार्किंग से वाहन सीधे बेगमबाग रोड तक पहुंच सकेंगे। पार्किंग तक जाने के लिए दो मोड़ उपलब्ध होने से आने-जाने के लिए अलग-अलग व्यवस्था भी बनाई जा सकती है।
भारत माता मंदिर पार्किंग स्थल से अहिल्याबाई चौराहे तक 60 मीटर लंबा सीधा मार्ग बनाया जाएगा। आपसी सहमति से 14 में से 12 मकान हटाने की कार्रवाई की। स्थान खाली होने पर आरसीसी रोड निर्माण कार्य शुरू किया जा रहा है। - संदीप शिवा, अपर आयुक्त नगर निगम
उज्जैन में कोठी रोड विक्रम कीर्ति मंदिर स्थित बाल भवन का उन्नयन होगा। यहां सिक्कों का संग्रहालय बनेगा, जो आगंतुकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। कलेक्टर रौशनकुमार सिंह ने विक्रम कीर्ति मंदिर संग्रहालय उन्नयन कार्य का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने भूतल और प्रथम तल पर जीर्णोद्धार कार्य का देखा और म्यूजियम में प्रवेश के लिए भव्य गेट का प्लान तैयार करने का कहा। स्मार्ट सिटी सीईओ संदीप शिवा ने बताया कि विक्रम कीर्ति मंदिर संग्रहालय जीर्णोद्धार कार्य होने के बाद यहां रखी प्राचीन प्रतिमा को रखने के लिए पेडेस्टल का निर्माण किया जाएगा।