महाकाल मंदिर परिसर में खुदाई के दौरान प्राचीन प्रतिमा मिल चुकी है, अब मिले कंकाल, जांच के बाद पता चलेगा कि कितने हैं पुराने...।
उज्जैन। महाकाल मंदिर में खुदाई के दौरान 11वीं शताब्दी की मूर्तियां और मंदिर मिलने के बाद अब नर कंकाल के अवशेष भी निकल रहे हैं। पुरातत्व विभाग के अधिकारियों ने कहा कि इनकी जांच होगी, तभी पता चलेगा कि हड्डियां मानव शरीर की हैं या किसी अन्य की। साथ ही ये कितने सालों पुरानी हैं यह भी जांच के बाद ही पता चल सकेगा। मंदिर विस्तारीकरण कार्य के चलते मंदिर क्षेत्र में चल रही खुदाई में तरह-तरह के रहस्य सामने आ रहे हैं। अभी तक परिसर की खुदाई के दौरान प्राचीन कालीन मूर्तियां, मंदिर की दीवार और ढांचा मिला था, अब नर कंकाल मिला है। 20 फीट नीचे मानव शरीर की हड्डियां मिलने से हड़कंप मच गया। पुरातत्व विभाग का कहना है कि हड्डियां कितनी पुरानी हैं, यह जांच के बाद ही पता चल पाएगा।
कई छोटी-बड़ी मूर्तियां निकल चुकीं
स्मार्ट सिटी के तहत 832 करोड़ की लागत से महाकाल मंदिर में विस्तारीकरण का कार्य किया जा रहा है। शुरुआती खुदाई में यहां छोटी-बड़ी मूर्तियां निकल चुकी हैं। पुरातत्व विभाग की टीम भी आकर देख चुकी है। पुरातत्व विभाग के अधिकारी गोविंद सिंह जोधा ने बताया पुरातत्व की चीजें मिलने से उतना आश्चर्य नहीं हुआ, लेकिन अब मानव शरीर की हड्डियां मिलने से लोगों को आश्चर्य हो रहा है। मंदिर के पुजारी महेश गुरु का मानना है कि वैसे तो नरकंकाल मिलना जांच का विषय है, हो सकता है कि यह साधु-संतों की समाधि भी रही हो। क्योंकि ऐसा बताया जाता है कि मंदिर के मुख्य भाग में कई संतों ने समाधि ली है।
टनल खुदाई में भी निकली थीं मानव हड्डियां
महाकाल मंदिर में 2012-13 में कुंभ महापर्व से पहले टनल का निर्माण किया जा रहा था। खुदाई में उस समय भी नर कंकाल बरामद हुए थे। बताया जाता है कि कुंभ के निर्माण कार्यों के चलते नर कंकाल मिलने की बात दब गई थी और इस मामले की जांच नहीं हो पाई थी, लेकिन अब पुरातत्व विभाग की टीम उज्जैन में ही है, ऐसे में हो सकता है कि जांच के बाद पता चल पाए कि यह कंकाल कितने साल पुराने हैं।