MP News: 12 साल की मेहनत और सोशल मीडिया से सीखी तकनीक के दम पर मध्य प्रदेश के आदित्य ने पहले वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा और अब इटली वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं।
Aditya Devda Breaks World Record: उज्जैन के अलखधाम नगर के युवा हेयर स्टाइलिस्ट आदित्य देवड़ा ने पारंपरिक बर्बरिंग को नई दिशा देते हुए ऐसा कीर्तिमान रचा है, जिसने शहर को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई है। 12 वर्षों से हेयर स्टाइलिंग के क्षेत्र में सक्रिय आदित्य ने एक साथ 28 से 32 कैंचियों से हेयरकट करने की अनोखी तकनीक विकसित की है। यह केवल कौशल का प्रदर्शन नहीं, बल्कि वर्षों की साधना, संतुलन और आत्मविश्वास का परिणाम है।
उनका नाम इंडियन बुक ऑफ़ वर्ल्ड रेकार्ड्स (Indian Book of World Records), गोल्डन बुक ऑफ़ वर्ल्ड रेकार्ड्स (Golden Book of World Records) और लंदन स्थित वर्ल्ड बुक ऑफ़ रेकार्ड्स (World Book of Records) में दर्ज हो चुका है। शिक्षा के साथ हुनर को लगातार तराशते हुए उन्होंने साबित किया कि डिजिटल दौर में सीखने की कोई सीमा नहीं होती और समर्पण के दम पर स्थानीय प्रतिभा भी विश्व पटल तक पहुंच सकती है। (MP News)
आदित्य ने आइटीआइ खाचरौद से तकनीकी शिक्षा प्राप्त की, इसके बाद बीकॉम और एमबीए (फाइनेंस मैनेजमेंट) की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने अपने पारिवारिक व्यवसाय को जारी रखा और हेयर स्टाइलिंग में नए प्रयोग करते रहें। उनका मानना है कि केवल डिग्री पर्याप्त नहीं, बल्कि कौशल का विकास ही वास्तविक पहचान दिलाता है। वे कहते हैं कि शिक्षा ने उन्हें प्रबंधन, धैर्य और लक्ष्य निर्धारण सिखाया, जबकि बर्बरिंग ने रचनात्मकता और आत्मविश्वास दिया। यही संयोजन उन्हें लगातार आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहा और आज उसी का परिणाम विश्व रेकॉर्ड के रूप में सामने है।
आदित्य की प्रयोगशीलता की शुरुआत यूट्यूब पर 10 कैंचियों से हेयरकट का वीडियो देखने से हुई। पहले उन्होंने 2, 4, 8 और 10 कैंचियों से अभ्यास किया। बाद में ईरान के एक हेयर स्टाइलिस्ट को 22 कैंचियों से कटिंग करते देखा, जिससे प्रेरित होकर उन्होंने भी उसी स्तर तक पहुंचने का लक्ष्य तय किया। 2022 में 28 कैंचियों से दो रेकॉर्ड अपने नाम किए, 2024 में 30 कैंचियों से नया रेकॉर्ड बनाया और अब 32 कैंचियों से रेकॉर्ड दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है।
आदित्य की इस अनोखी तकनीक की चर्चा देशभर में है। गुजरात, महाराष्ट्र, बिहार, राजस्थान और चंडीगढ़ सहित कई राज्यों से ग्राहक विशेष रूप से उनके सैलून में हेयरकट कराने आते हैं। हरियाणवी सिंगर सुरेंदर सहित कई चर्चित हस्तियां भी उनसे हेयरकट करा चुकी हैं। उन्होंने कजाखस्तान में आयोजित एशियाई प्रतियोगिता और लंदन में वर्ल्ड कप में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। अब वे इटली में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए क्वालिफाई कर चुके हैं, जो उनके करियर का अगला बड़ा पड़ाव माना जा रहा है।
जहां पहले एक सामान्य हेयरकट में 15 से 20 मिनट का समय लगता था, वहीं अब 32 कैंचियों की तकनीक से वही कार्य 4 से 5 मिनट में पूरा हो जाता है। पहले हेयरकट का शुल्क लगभग 70 रुपए था, जबकि अब इस विशेष मल्टी-कैंची तकनीक के लिए 450 रुपए तक लिए जाते हैं। उनकी मेहनत और नवाचार ने न केवल समय की बचत की है, बल्कि पेशे को नई पहचान भी दी है। आदित्य का कहना है कि जुनून, निरंतर अभ्यास और नवाचार से कोई भी युवा अपने शहर का नाम विश्व मंच पर रोशन कर सकता है। (MP News)