
उज्जैन. बॉलीवुड के महानायक सुपर स्टार अमिताभ बच्चन का (11 अक्टूबर) जन्म दिन है। फिल्म कुली की शूटिंग के दौरान जब वे घायल हुए थे, तब उज्जैन में भगवान महाकालेश्वर मंदिर में उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना से महामृत्युंजय विशेष पूजा की गई थी। पुजारी रमण त्रिवेदी ने बताया कि भोपाल में उनकी ससुराल है, इसके चलते उज्जैन से भी उनका खास लगाव रहा है। हालांकि व्यस्तता के चलते वे यहां कम ही आए हैं, लेकिन जब वे घायल हुए थे, तो शहरवासी और महाकाल के पुजारियों ने उनके स्वास्थ्य को लेकर कामना की थी। उनके फैंस उन्हें किस तरह प्यार करते हैं, 'पत्रिका' द्वारा उनकी भावनाएं प्रकाशित की जा रही हैं।
अमिताभ को चोट लगने पर महाकाल में हुए थे महामृत्युंजय जाप
पुजारी प्रदीप गुरु ने बताया कि कुली फिल्म की शूटिंग के दौरान जब अमिताभ बच्चन को पेट में गहरी चोट आई थी, तब महाकाल मंदिर में उनके लिए पुजारी-पुरोहितों द्वारा महामृत्युंजय के जाप करवाए गए थे। सुपर स्टार अमिताभ बच्चन का शायद ही ऐसा कोई जन्म दिन रहा हो, जब उन्हें महाकाल का आशीर्वाद न मिला हो। वे भले ही उज्जैन कम आए हों, लेकिन महाकाल से उनका हमेशा से जुड़ाव रहा है।
हर साल देते थे महाकाल का फोटो व प्रसाद
महाकाल मंदिर के पुजारी पं. रमण त्रिवेदी ने बताया कि हर साल उनके जन्म दिन पर मुंबई जाकर उन्हें महाकाल की फोटो, प्रसाद देता रहा हूं। अब चूंकि उम्रदराज और बीमारी अवस्था के कारण चार-पांच सालों से यह सिलसिला शिथिल हुआ है, लेकिन उन्हें बधाई संदेश और आशीर्वाद देना नहीं भूलता हूं। पं. त्रिवेदी ने पुरानी बातों को ताजा करते हुए कहा कि फिल्म मुकद्दर का सिकंदर के मुहूर्त पर मैंने ही पूजन करवाया था। जब वे राजनीति में चले गए थे, तब प्रचार के सिलसिले में इलाहाबाद बुलाया था, जहां उनके मामा जगदीश राजन के निवास पर हमें ठहराया था। छोटे मियां..बड़े मियां के सेट पर उनकी बहू ऐश्वर्या बच्चन से भी मुलाकात का संयोग बना था। जन्म दिन पर उन्हें पुन: साधुवाद।
अमिताभ के जन्म दिन पर शैलेष नाटानी की विशेष पेरोडी
फिल्मों को पिरोया पैरोडी में
मुंबई पुलिस के दो काबिल इंस्पेक्टर 'राम-बलराम' उसे आज तक पकड़कर 'अंधा कानून' की 'जंजीर' में नहीं जकड़ पाए हैं। बात 1969 की है, जब वह अपने 'सात हिंदुस्तानी' 'देशप्रेमी' मित्र 'अमर-अकबर-एंथोनी' 'कालिया' व 'आनंद' के साथ 'बरसात की एक रात' में इलाहाबाद से मुंबई निकला था। उस घनघोर रात में 'रेशमा और शेरा' नामक डाकुओं ने काफिले पर हमला कर दिया। 'तूफान' भरी रात में वह 'अकेला' ही 'त्रिशूल' लेकर 'काला पत्थर' की 'दीवार' लांघकर उनसे भिड़ गया। उस दौरान उस पर जो जुल्म हुए, उससे उसकी जिंदगी में 'कोहराम' मच गया और इस भयानक सफर तक वो आ गया। ऐसा नहीं कि उसकी जिंदगी हमेशा ऐसी ही रही। यह सोचकर वह फ्लैश बेक में भावुक होकर खो जाता है। जब उसके पड़ोसी 'मेजर साहब' ने उसकी जिंदगी बदल कर रख दी थी। युवा अवस्था में अपने 'शराबी' मित्र 'बंटी और बबली' के साथ 'तीन पत्ती' खेला करता था। 'हेराफेरी' करके 'सत्ते पे सत्ता' जैसे पत्ते हासिल कर अपने आपको 'द ग्रेट गेंबलर' समझता था। वह तो भला हो भगवान का कि वह 'मुकद्र का सिकंदर' था जो मेजर साहब के संपर्क में आ गया। उन्होंने उसे दो टुक शब्दों में चेताया कि कब तक 'दो और दो पांच' करते रहोगे और अगर 'खुद्दार' हो तो अपना 'जमीर' जगाओ और 'खून पसीना' बहाकर लोगों की 'कसौटी' पर खरे उतरो।
'गंगा की सौगंध' दिलाई
मेजर साहब रिटायरमेंट के बाद थिएटर किया करते थे। उन्होंने ही उसे अभिनय के क्षेत्र से जोड़ा और 'गंगा की सौगंध' दिलाई कि 'हम' अब एक साथ 'बेनाम' जिंदगी जीएंगे। मेजर साहब के साथ उसने 'भूतनाथ' और 'अजूबा' जैसे कई नाटकों में काम किया। उन दोनों की जोड़ी रंगमंच की दुनिया में 'बड़े मियां-छोटे मियां' के नाम से प्रसिद्ध हो गई। मेजर साहब ने उसे 'इंसानियत' का सबक सिखाया और 'खाकी' वर्दी की इज्जत करना भी। वरना वह तो 'लावारिस' बनकर 'कुली' का किरदार निभाता। इसी दौरान मेजर साहब की इकलौती भतीजी 'गुड्डी' से उसकी 'एक नजर' 'मिली'। गुड्डी उन दिनों 'अभिमान' से भरी थी वह उसे 'कालिया' व लम्बू कहकर उसके साथ अभिनय करने से इंकार कर देती थी। लेकिन वह भी 'परवरिश' में पला-बढ़ा था। सब कुछ सहन करने के बाद एक दिन उसने मेजर साहब को अपने 'प्यार की कहानी' बता दी और उसने बताया कि वह 'चुपके-चुपके' गुड्डी की 'मोहब्बतें' में 'गिरफ्तार' हो गया। यह 'सिलसिला' 'बॉम्बे टू गोवा' के सफर से ही चल रहा था और इसमें 'कभी खुशी-कभी गम' भी आए। मेजर साहब ने उसे 'आखिरी रास्ता' बताकर उसे कहा कि 'सूर्यवंशम' की तरह चमको। उसके बाद गुड्डी से तुम्हारा विवाह हो जाएगा। 'वक्त की पुकार' भी यही थी। धीरे-धीरे उसने गुड्डी का दिल जीता और उसे अपना 'नसीब' बनाकर उसके साथ अपना खूबसूरत 'बागवान' सजाया और 'रोटी-कपड़ा-मकान' की जुगाड़ में लग गया। उस दौरान उसके घर में एक खूबसूरत बिटिया 'पिकू' हुई। जिंदगी अपनी रफ्तार से चलने लगी। पिकू कई बार शरारत करके उसे फीकी चाय बनाकर पिलाती, लेकिन वह कभी भी 'चीनी कम' होने की शिकायत नहीं करता और अपने 'पा' होने का सच्चा फर्ज निभाता, क्योंकि उसे आगे जाकर 'बाबुल' भी बनना था।
जिंदगी में तूफान आया
उसकी जिंदगी में तूफान तब आया जब बाल सखा 'इंद्रजीत' जो राजनीति में था, के कहने पर बरसों पुराना 'याराना' 'दोस्ताना' का लिहाज करके इस क्षेत्र में प्रवेश कर गया। बस यहीं से उसके दुश्मनों ने उसके 'विरुद्ध' रोजाना 'गहरी चाल' चलना शुरू कर दी और उसे 'मि. नटवरलाल' साबित करने की पूरी कोशिश की, लेकिन वह 'नमक हलाल' था 'नमक हराम' नहीं। उसके दिल में 'इंकलाब' के 'शोले' भड़कने लगे। अपनी भीतरी 'शक्ति' अर्जित करके 'मृत्युदाता' बनकर अपने दुश्मनों को 'ब्लेक' के बजाए उजाले में परिवर्तित कर दिया। मानो वह 'गंगा-जमना-सरस्वती' जैसी पवित्र नदियों में स्नान करके अपनी सही 'मंजिल' पर आ चुका है। उसने 'हिंदुस्तान की कसम' खाई कि वह कभी भी इस क्षेत्र में दोबारा प्रवेश नहीं करेगा और अपनी जिंदगी को 'शमिताभ' और 'मर्द' जैसे जीएगा। चूंकि वह 'नास्तिक' नहीं आस्तिक था, इसलिए वह ईश्वर को इस शानदार जिंदगी के लिए धन्यवाद देता है। उसी के दम पर उसने फिल्म इंडस्ट्री में बरसों तक एकछत्र साम्राज्य किया और बड़ी श्रद्धा से कहता है कि 'गॉड तुस्सी ग्रेट हो'।