उमरिया

मौत का Live Video : जुलूस में ‘काली’ बनकर नाच रहा था युवक, परिवार बोला- ‘माता’ ले गईं

Death Live Video : पठारी गांव में जावरा विसर्जन कार्यक्रम के दौरान काली का रूप धारण कर नृत्य कर रहे युवक की मौत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस मामले की चर्चा इसलिए भी है, क्योंकि इसे लेकर दावा है कि, युवक को मां काली ले गई है..।
2 min read
Death Live Video
काली नृत्य करते हुए युवक की मौत (Photo Source- Video Screenshot)

Death Live Video :मध्य प्रदेश के उमरिया जिले से मौत का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जिले के नौरोजाबाद थाना इलाके के अंतर्गत आने वाले पठारी गांव में जावरा विसर्जन का कार्यक्रम चल रहा था। उसी कार्यक्रम के दौरान हर साल की तरह इस साल भी दो से तीन लोग माता काली का स्वरूप धारण करके काली नृत्य कर रहे थे। उसी दौरान एक युवक की मौत हो गई। देखने में ये मौत हार्ट अटैक के कारण हुई सामान्य लग रही है, लेकिन इस मौत को स्थानीय लोग रहस्यमयी मान रहे हैं। खास बात ये है कि, मौत का ये दृष्य कैमरे में भी कैद हो गया, जिसके चलते पूर गांव में सिर्फ इसी घटनाक्रम की चर्चा हो रही है।

आपको बता दें कि, 29 मार्च को आयोजित जावरा जुलूस बीच गांव के चौराहे पर पहुंचा, यहां काली नृत्य होने लगा। तभी अचानक गांव का ही काली बना हुआ 38 वर्षीय युवक राम गरीब कोल की तबियत खराब हो गई उसने खुद को संभालने की कोशिश की, लेकिन लेकिन चंद सैकंडों के भीतर ही बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा। खुद को संभाल नहीं पाया। जैसे ही लोगों की नजर पड़ी उसको पकड़ने का प्रयास किया लेकिन उसी दौरान उसकी मौत हो गई।

सामने आया वीडियो

वहीं, ग्रामीणों ने बताया कि मृतक के घर वालों का मानना है कि माता काली उसके ऊपर आ गईं। वही उसे साथ ले गईं। इस दौरान वह खुद को संभाल नहीं सका जिसके कारण उसकी मौत हो गई। घर के लोगों का कहना है कि यह प्राकृतिक मौत है। वह इस मामले में किसी तरह की शिकायत दर्ज नहीं कराएंगे। हालांकि गांव के कुछ लोगों ने पोस्टमार्टम कराने की सलाह दी लेकिन घर के सदस्यों ने इंकार कर दिया।

साइलेंट अटैक को धर्म और परम्परा से जोड़ रहे लोग

आपको बता दें कि, विंध्य क्षेत्र में रामनवमी के दिन काली नृत्य आयोजित किया जाता है। इसी के जुलूस में कुछ लोग मां काली का रूप धारण कर नृत्य करते हैं। स्थानीय लोग जुलूस में काली नृत्य का खास महत्व मानते हैं। यही कारण है कि, युवक की साइलेंट अटैक से हुई मौत को काली द्वारा युवक की आत्मा ले जाने जैसी धर्म और परम्परा से जोड़कर देख रहे हैं।

किसी ने दर्ज नहीं कराई शिकायत

वहीं, घटनाक्रम को लेकर नौरोजाबाद थाना प्रभारी बालेन्द्र शर्मा का कहना है कि, 29 मार्च को ग्राम पठारी में जावरा विसर्जन का कार्यक्रम हो रहा था। इसी के जुलूस में काली बने किसी युवक की अचानक मौत हो गई, लेकिन उसके घर के लोग किसी तरह की रिपोर्ट करने और शव का पोस्टमार्टम करवाने को तैयार नहीं हुए। यही कारण है कि, थाने में किसी तरह की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।

Updated on:
01 Apr 2026 12:38 pm
Published on:
01 Apr 2026 12:38 pm