
अभी 4 दिन आंधी बारिश, 15 से भीषण गर्मी का अलर्ट (Photo Source- Patrika)
MP Weather Update :मध्य प्रदेश में इस बार गर्मी ने पहले ही अपना रोद्र रूप दिखाना शुरु कर दिया है। इसी बीच मौसम विभाग ने बड़ी चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि, इस बार 15 अप्रैल से राज्य भीषण गर्मी की चपेट में आ जाएगा। सबसे ज्यादा खराब हालात ग्वालियर-चंबल संभाग के रहेंगे। हालांकि, ये इलाका हर बार ही अधिक गर्मी पड़ने के लिए जाना जाता है। जबकि इंदौर, भोपाल, उज्जैन और सागर संभाग भी अच्छी खासी गर्मी की चपेट में आएंगे।
हालांकि, मौजूदा समय में यानी अप्रैल के शुरुआती दिनों में कई इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश रिकॉर्ड की जाएगी। भोपाल स्थित मध्य प्रदेश मौसम विभाग ने 1 से 4 अप्रैल के बीच आधे राज्य में अलर्ट जारी किया है। बुधवार को इंदौर, उज्जैन-ग्वालियर समेत 29 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
आगामी 24 घंटों के दौरान प्रदेश के ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ, आलीराजपुर, धार और बड़वानी के मौसम में बदलाव दर्ज किया जाएगा।
पिछले 2 दिनों के दौरान प्रदेश का मौसम बदला हुआ है। 12 जिलों में ओले गिरे हैं, जबकि 41 से ज्यादा जिलों में आंधी-बारिश का असर देखने को मिला है। मंगलवार को धार के कुक्षी और मनावर में ओले गिरे। रात में कई जिलों में मौसम बदला रहा।
मौजूदा समय में प्रदेश के आसपास साइकलोनिक सकुर्लेशन और ट्रफ लाइन एक्टिव है, जिसके प्रभाव से प्रदेश का मौसम बदला हुआ है। 2 अप्रैल से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस भी एस्टिव हो रहा है। इसके प्रभाव से आगामी 4 अप्रैल तक यानी तीन दिन कहीं आंधी और कहीं बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।
इसके बाद सप्ताह के अंत तक सिस्टम में बदलाव होगा और गर्मी का दौर शुरू हो जाएगा। दूसरे हफ्ते से प्रदेश में गर्मी तीखे तेवर दिखाने लगेगी। वहीं, अप्रैल के दूसरे से आखिरी सप्ताह के बीच प्रदेश के ग्वालियर-चंबल के साथ-साथ धार, खरगोन, बड़वानी, नौगांव-खजुराहो में तापमान 44 से 45 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। जबकि,
दतिया, मुरैना, श्योपुर, बड़वानी, खरगोन और धार में भी बढ़ोतरी होगी। अप्रैल के महीने में दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में गर्म हवाएं चलती हैं, जिससे भीषण गर्मी पड़ती है।
आंधी, बारिश और ओलों के बीच गर्मी का असर भी दिखा। मंगलवार को नर्मदापुरम में तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खजुराहो में 39.2 डिग्री, रतलाम - नौगांव में 39 डिग्री, दमोह में 39.1 डिग्री और खरगोन, रायसेन-उमरिया का 38 डिग्री आदि। वहीं, अगर प्रदेश के बड़े शहरों की बात करें तो प्रदेश के 5 बड़े शहरों में भोपाल और जबलपुर में 37 डिग्री तापमान दर्ज हुआ, जबकि इंदौर और ग्वालियर में 36.6 डिग्री रहा। जबकि, उज्जैन का तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया रहा।
Updated on:
01 Apr 2026 11:24 am
Published on:
01 Apr 2026 11:24 am
