
Umaria Patwari Assaulted- मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली क्षेत्र की पाली तहसील के ग्राम बकेली में जमीन सीमांकन को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि सरकारी ड्यूटी पर तैनात एक पटवारी को कथित तौर पर बेरहमी से मारा गया और घर पर बंधक बना लिया गया। घटना के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गोरेलाल सिंह मार्को, जो बकेली हल्के में पटवारी के रूप में पदस्थ हैं, ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वे गांव में जमीन सीमांकन का कार्य पूरा कर लौट रहे थे। इसी दौरान बड़वाही तिराहा के पास उनकी मुलाकात विपिन सोनी से हुई। शिकायत के अनुसार, विपिन सोनी नाम का शख्स जमीन के सीमांकन से नाराज था। उसका आरोप था कि उसकी जमीन को शासकीय भूमि बताया गया है, जबकि पहले कभी ऐसा नहीं हुआ। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान विपिन सोनी ने पटवारी के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की, उनकी कलाई मरोड़ दी और धक्का देकर जमीन पर पटक दिया।
पटवारी का आरोप है कि इसके बाद आरोपी उन्हें घसीटते हुए अपने घर के अंदर ले गया, जहां कुछ समय तक बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की गई। शोर सुनकर विकाश बैगा, मानू प्रजापति और संजय साहू मौके पर पहुंचे और दरवाजा खटखटाया। इसके बाद आरोपी ने पटवारी को बाहर निकाला। शिकायत में यह भी कहा गया है कि जाते समय आरोपी ने दोबारा मिलने पर जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में पटवारी के बाएं हाथ की कलाई और बाएं पैर में चोटें आई हैं। घटना के बाद उन्होंने अपनी पत्नी के साथ पाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
सरकारी कर्मचारी के साथ ड्यूटी के दौरान कथित मारपीट और बंधक बनाए जाने की इस घटना को गंभीर माना जा रहा है। पुलिस अब प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, चिकित्सकीय परीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। पाली थाना प्रभारी राजेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि पटवारी की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना जारी है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।