रीवा लोकायुक्त ने आरआई को रिश्वत लेते रंगेहाथों पकड़ा...जमीन सीमांकन के एवज में मांगी थी रिश्वत...
उमरिया. मध्यप्रदेश में रिश्वतखोर अधिकारी-कर्मचारियों पर कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी है। लगभग हर दूसरे दिन कहीं न कहीं लोकायुक्त रिश्वतखोर अधिकारी-कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों पकड़ रही है लेकिन इसके बावजूद रिश्वतखोर बाज आते नजर नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला उमरिया जिले का है जहां एक आरआई (राजस्व निरीक्षक) को लोकायुक्त की टीम ने रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। आरआई ने एक आवेदक से जमीन का सीमांकन करने के एवज में 60 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी जिसकी शिकायत आवेदक ने रीवा लोकायुक्त विभाग से की थी। जिसके बाद शिकायत की जांच की गई और शिकायत सही पाए जाने पर रिश्वतखोर आरआई को रंगेहाथों गिरफ्तार किया गया।
60 हजार की रिश्वत लेते पकड़ाया राजस्व निरीक्षक
शुक्रवार को रीवा लोकायुक्त की टीम ने उमरिया जिले की चंदिया तहसील में पदस्थ राजस्व निरीक्षक (आरआई) लालमणि प्रजापति को उनके चंदिया स्थित सरकारी आवास से रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों गिरफ्तार किया। आरआई लालमणि प्रजापति ने आवेदन शेख करिमुल्ला निवासी चंदिया से 60 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी। फरियादी शेख करिमुल्ला ने बताया कि उनकी बहू की पैतृक जमीन का सीमांकन होना था जिसके लिए आरआई लालमणि प्रजापति के पास गया था। आरआई ने काम करने के एवज में 60 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।
यह भी पढ़ें-बिन बुलाए शादी में खाना खाने पहुंचा MBA स्टूडेंट, धोने पड़ गए बर्तन, देखें वीडियो
देखें वीडियो-
सरकारी आवास पर ले रहा था रिश्वत
फरियादी शेख करिमुल्ला ने राजस्व निरीक्षण लालमणि प्रजापति के द्वारा रिश्वत मांगे जाने की शिकायत रीवा लोकायुक्त विभाग से की थी। लोकायुक्त ने शिकायत की जांच की और शिकायत सही पाए जाने पर शुक्रवार को जाल बिछाकर रिश्वत के रुपए लेकर फरियादी को रिश्वतखोर आरआई के पास भेजा। आरआई ने फरियादी को अपने सरकारी आवास पर ही रिश्वत के रुपए लेकर बुलाया था और फिर वहीं पर लोकायुक्त की टीम ने आरआई को 60 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें-फेसबुक पर 'एंजिल' से करता था अश्लील टॉक, ऐसे हुआ बेनकाब
देखें वीडियो-