उमरिया

बारात लेकर पहुंचे जनप्रतिनिधियों का प्रशासन ने किया स्वागत, परिणय सूत्र में बंधे 326 जोड़े

कॉलरी स्कूल परिसर में मुख्यमंत्री कन्या विवाह, निकाह कार्यक्रम का आयोजन

less than 1 minute read
May 08, 2025
कॉलरी स्कूल परिसर में मुख्यमंत्री कन्या विवाह, निकाह कार्यक्रम का आयोजन

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना ने पिता के मस्तक से बिटिया की शादी की चिंता को समाप्त कर दिया है। अब घर जैसे वातावरण में बेटियों का विवाह संपन्न कराया जा रहा है। इस आशय के विचार प्रदेश शासन के अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान ने कॉलरी स्कूल परिसर में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह, निकाह कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किए।


उन्होंने कहा कि बेटियों के जन्म से लेकर उनके विवाह तक की व्यवस्था प्रदेश सरकार ने की है। महिलाओं के संर्वागीण विकास के लिए सरकार कृत संकल्पित है। विधायक बांधवगढ़ शिव नारायण सिंह ने कहा कि बेटी है तो कल है। बेटियां एक कुल नहीं बल्कि दो कुलों का नाम रोशन करती है। कार्यक्रम के पूर्व 326 जोड़ों की बारात कॉलरी स्कूल प्रांगण से निकाली गई जिसमें 3 जोड़े कल्याणी, एक जोड़ा अंतरजातीय तथा दो अनाथ वधुएं शामिल थीं। बारात में जिला प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान, कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन, वनमंडलाधिकारी विवेक सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष अनुजा पटेल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभय सिंह, जनप्रतिनिधि आशुतोष अग्रवाल, मिथिलेश मिश्रा, जनपद पंचायत करकेली अध्यक्ष प्रियंका मून सिंह, शंभूलाल खट्टर सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए। बारात का स्वागत प्रशासन की तरफ से सीईओ जनपद पंचायत करकेली एवं नोडल अधिकारी हरनीत कौर कलसी तथा उप संचालक सामाजिक न्याय विभाग राजीव गुप्ता ने किया।


कार्यक्रम के अंत में कुमारी मुस्कान बैगा ग्राम भरौला, राधा कोल ग्राम बडेरी, रूकमणि काछी ग्राम लोढा को 49 हजार रूपये का चेक मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों द्वारा प्रदाय किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों ने नव वर वधुओं पर पुष्प वर्षा कर उन्हें शुभाशीष प्रदान किया। कार्यक्रम में बिरहुलिया के कलाकारों ने नृत्य की प्रस्तुति दी।

Updated on:
08 May 2025 04:02 pm
Published on:
08 May 2025 03:59 pm
Also Read
View All

अगली खबर