आंगनबाड़ी केन्द्र में अव्यवस्था
उमरिया. करकेली ब्लाक अंतर्गत ग्राम कछराटोला माली के बरहाटोला में आंगनबाडी स्वीकृत हुए लगभग एक वर्ष बीतने के बाद भी न तो भवन का निर्माण हुआ, न ही बच्चों के बैठने के लिए दरी है और न ही खाने के बर्तन है। जिसे देखते हुए दस्तक महिला समूह के सदस्यों द्वारा आंगनबाड़ी में बच्चों के लिए थाली, गिलास, कटोरी, चम्मच और दरी का सहयोग किया। गौरतलब है कि बरहाटोला, आकाशकोट का सबसे पिछड़ा गांव माना जाता रहा है। इस गांव तक सरकार की योजनाएं पहुंचने से पहले ही खत्म हो जाती रही है। यहाँ शिक्षा का स्तर भी बहुत कम है। आंगनबाडी स्वीकृति के बाद ग्राम में ही एक किराए का मकान लिया गया और आंगनबाडी का संचालन शुरु हुआ लेकिन एक साल बीतने के बाद भी न तो आंगनबाड़ी के लिए भवन निर्माण हुआ न ही बच्चों के भोजन के लिए बर्तन मिले और न ही बैठने के लिए कोई व्यवस्था हुई। ऐसी आंगनबाड़ी की व्यवस्था को देखते हुए दस्तक समूह की महिलाओं द्वारा बैठक कर अपने बच्चों के विकास में भागीदारी के लिए आंगनबाडी को सरकारी नजरिए से न देख कर सामूहिक आंगनबाडी के नजरिए से देखा गया और समूह में चंदा कर बच्चों के खाने बैठने की व्यवस्था बनाने की ठानी और एक तारीख को 20-20 थाली गिलास कटोरी चम्मच और एक दरी लाकर आंगनबाडी में भेंट किया। बरहाटोला में दस्तक टीम लगातार सामूहिकता की ताकत का परिचय दे रही है। पिछले दिनों श्रमदान कर ग्राउंड का निर्माण, हैण्ड पम्प के आस पास सफाई और अब आंगनबाडी में बच्चों के बर्तन की व्यवस्था की गई।
आठ कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ
उमरिया. नगर के रेलवे स्टेडियम प्रांगण में रविवार को कलश यात्रा के साथ आठ कुण्डीय महायज्ञ का शुभारंभ किया गया। यह यज्ञ 11 अप्रैल तक 108 वेदीय गायत्री महायज्ञ तक चलेगा। महायज्ञ की मंगल कलश यात्रा दोपहर 3:30 बजे गायत्री मंदिर से प्रारंभ हुई। जो नगर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण करती हुई यात्रा रेलवे स्टेडियम यज्ञ शाला में समाप्त हुई। इस दौरान सैकड़ों लोग उपस्थित थे। सोमवार को सामूहिक जप, ध्यान , प्रज्ञा योग-व्यायाम प्रात: 6 बजे से 7.30 बजे तक आयोजित हुआ। इसके अलावा देव पूजन, गायत्री महायज्ञ 108 कुण्डीय प्रात: 8 बजे से 11 बजे तक तथा कार्यकर्ता गोष्ठी दोपहर 3 बजे से 4 बजे तक आयोजित हुआ। 10 अप्रैल को गायत्री महायज्ञ एवं विभिन्न संस्कार आयोजित होगे। वहीं 11 अप्रैल को प्रात: 8 बजे से 12 बजे तक गायत्री महायज्ञ एवं विभिन्न संस्कार यज्ञ की पूर्णाहुति एवं भण्डारे का आयोजन किया जायेगा।