Memorandum to the General Manager: उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक को जिला दैनिक यात्री संघ ने चार सूत्री ज्ञापन दिया है जिसमें मेमू ट्रेन, कानपुर से बनारस, कानपुर से अयोध्या ट्रेनों को शुरू करने की मांग की गई है।
District Daily Passengers Association submitted memorandum to General Manager of Northern Railway: उन्नाव में कोरोना काल में बंद की गई ट्रेनों को फिर शुरू करने की मांग उठी है। जिला दैनिक यात्री संघ ने उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक को ज्ञापन देकर यह मांग की है। इसके साथ ही बनारस से उज्जैन जाने वाली महाकाल एक्सप्रेस के उन्नाव स्टॉपेज की भी मांग की है। इस प्रकार की मांग मंडल रेल प्रबंधक (DRM) लखनऊ से पहले भी की गई है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। कोरोना कल के दौरान बंद की गई मेमू ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं किया गया है। कई अन्य गाड़ियों को भी रोक दिया गया था। अब एक बार फिर इन ट्रेनों के शुरू करने की मांग की गई है। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडे आज रविवार को उन्नाव जंक्शन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने के लिए आए थे। यहां पर अमृत भारत योजना के अंतर्गत निर्माण कार्य चल रहा है।
उत्तर प्रदेश के उन्नाव के जिला दैनिक यात्री संघ के जिलाध्यक्ष मुर्तजा हैदर रिजवी ने अपने लेटर पैड पर महाप्रबंधक उत्तर रेलवे नई दिल्ली को ज्ञापन दिया है। जिसमें उन्होंने अपनी पुरानी मांगों को दोहराया है। चार सूत्री ज्ञापन में जिले दैनिक यात्री संघ ने मांग की है कि कोरोना काल से बंद की गई सभी मेमू ट्रेनों का पुन: संचालन किया जाए। कानपुर, लखनऊ, बाराबंकी के बीच चलने वाले दैनिक यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए इन ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू किया जाए।
जिला दैनिक यात्री संघ ने कानपुर से अयोध्या के बीच चलने वाली ट्रेन नंबर 14221 और 1422 और कानपुर से बनारस के बीच चलने वाली वरुणा एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 24227 और 24228 को भी फिर से शुरू करने की मांग की है। अपने पत्र में उन्होंने बनारस से उज्जैन के बीच चलने वाली महाकाल एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 20413 और 20414 के उन्नाव जंक्शन स्टेशन पर स्टॉपेज की मांग की है।
जिला दैनिक यात्री संघ ने अपने ज्ञापन में लिखा है कि जनहित में उपरोक्त मांगों को स्वीकार करना अति आवश्यक है। जिला दैनिक यात्री संघ के संरक्षक उन्नाव सांसद डॉक्टर स्वामी सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज हैं। यह ज्ञापन जिला दैनिक यात्री संघ के विधिक सलाहकार मुजतबा हैदर भय्यू ने दिया है।