उन्नाव

बेटे ने ही की थी बाप की हत्या, और बड़े भाई के ससुराल वालों को फंसाया, खुलासे के बाद मचा हड़कंप

लखनऊ के माल थाना क्षेत्र के शाहपुर गोड़वा निवासी की हत्या विगत 18 फरवरी को की गई थी...
2 min read
• •
Updated: 25 Feb 2018, 12:13 PM IST
Man murder his father for property in Unnao UP hindi news
बेटे ने ही की थी बाप की हत्या, और बड़े भाई के ससुराल वालों को फंसाया, खुलासे के बाद मचा हड़कंप

उन्नाव. बेटे ने संपत्ति के लालच में अपने ही पिता की हत्या कर दी और आरोप ससुरालीजनों पर लगाते हुए भाई के ससुर सास-ससुर और उसकी औरत को नामित किया था। लखनऊ के माल थाना क्षेत्र के शाहपुर गोड़वा निवासी की हत्या विगत 18 फरवरी को की गई थी। पुलिस अधीक्षक ने मृतक परिजनों के द्वारा लगाए गए आरोपों पर स्थानीय थाना पुलिस को गहन छानबीन कर खुलासा करने का निर्देश दिया था। स्थानीय थाना पुलिस ने छानबीन की। घर परिवार वालों से बयान लिए। कॉल डिटेल और परिवार वालों के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा किया और मृतक पुत्र और मृतक के ममेरे भाई को हत्या का दोषी करार दिया। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर लिया। जबकि मृतक पुत्र अभी फरार है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त तब्बल भी बरामद कर लिया। क्षेत्राधिकारी ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी।

मृतक लखनऊ में पंप ऑपरेटर था

घटना विगत 18 फरवरी औरास थाना क्षेत्र के अंतर्गत चकसुनौरा ढकोली मार्ग की है। लखनऊ के माल थाना क्षेत्र के शाहपुर गोड़वा निवासी पहलवान सिंह जो पंप ऑपरेटर के पद से रिटायर हुए थे कि उस समय हत्या कर दी गई थी। जब वह अपने बड़े बेटे की ससुराल फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के तकिया निगोही जा रहे थे। जहां पर उन्होंने प्लाट खरीद कर बाजार बनवाया था और उसकी निगरानी करते थे। घटना के संबंध में पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्ष को गहनता से जांच कर खुलासा करने के निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि विवेचना के दौरान फोन डिटेल का अध्ययन किया गया और मृतक परिजनों से बातचीत की गई। मृतक परिजनों ने बातचीत के दौरान दिए बयानों में भिन्नता थी। उनके द्वारा दी गई जानकारी में आपस में तालमेल नहीं था।

हिस्ट्रीशीटर ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी

जिसके बाद पुलिस को शक हुआ और कॉल डिटेल के आधार पर पहलवान सिंह के ममेरे भाई हिस्ट्रीशीटर मलखान सिंह पुत्र कल्लू सिंह निवासी तकिया निगोही थाना फतेहपुर 84 को उठाया और उससे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और कहा संपत्ति के लालच में मृतक पहलवान सिंह के पुत्र नरेंद्र सिंह ने उनकी हत्या की योजना बनाई थी। क्षेत्राधिकारी ने बताया हिस्ट्रीशीटर अपराधी मलखान सिंह के साथ मिलकर नरेंद्र सिंह ने अपने पिता की तब्बल से नृशंस हत्या कर दी थी और आरोप उनके समधी, समधन सहित परिवार के अन्य सदस्यों पर लगाया था। क्षेत्राधिकारी के अनुसार मलखान सिंह हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या लूट समेत विभिन्न अपराधिक इतिहास के 13 मुकदमे पंजीकृत है। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि नरेन्द्र को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी है।

Published on: