
लखनऊ. साक्षी महाराज ने अपने संसदीय क्षेत्र उन्नाव में पाकिस्तान पर निशाना साधा है, तो वहीं उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर भी हमला बोला है। अपने बयानों से राजनीतिक गलियारे में अक्सर चर्चा में रहने वाले सांसद साक्षी महाराज ने एक बार फिर सियासी घमासान मचा दिया है। उन्होंने कहा कि मोदी के दूसरी बार पीएम बनने पर भारत बनाम पाकिस्तान होगा।
पाकिस्तान आतंकियों को पनाह देेता है-
साक्षी महाराज नवाबगंज नगर पंचायत के पदेन सदस्य की शपथ ले रह था, जहां उन्होंने पाकिस्तान पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोदी के दूसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर भारत बनाम पाकिस्तान होगा। सांसद ने कहा कि पाकिस्तान आतंकियों को पनाह देेता है। भारत इसका भंडाफोड़ करता रहा है, लेकिन अपने मैत्रीय सौहार्द के चलते हर बार उसे छोड़ देता है। पर अब ऐसा नहीं होगा।
राहुल गांधी पर साधा निशाना-
सांसद ने कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और कहा कि आज इबादत करने के लिए राहुल जगह-जगह मंदिर और मस्जिद खेल रहे हैं। इबादत का वो ढोंग कर रहे हैं। जबकि असल इबादत भूखे को रोटी, गरीब को मकान व बेरोजगार को रोजगार देना है।
विश्व में हैं हिंदुस्तान की अलग पहचान-
सांसद ने आगे यह भी कहा कि मोदी ने पूरे विश्व में हिंदुस्तान की अलग पहचान बनाई है। वैश्विक जीडीपी में भारत ने व्यापारिक प्रगति करते हुए अपने को तीसरे नंबर पर स्थापित किया है। भारत ने सारे विश्व में अपना लोहा मनवाया है। ब्लाक प्रमुख अरुण सिंह ने क्षेत्र व नगर पंचायत को साथ लेकर चलने का वादा किया।
सांसद हरिसाक्षी महाराज ने नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर पदेन सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की। नगर पंचायत अध्यक्ष दिलीप लश्करी ने सांसद साक्षी महाराज व मोहान विधायक ब्रजेश रावत को पदेन सदस्य की शपथ दिलाई।