
Kanpur Latest News:कानपुर छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक से जुड़े सोशल मीडिया पोस्ट और वीडियो को लेकर विवाद गहरा गया है। कल्याणपुर पुलिस ने छात्र हर्ष सोनकर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कुलपति की ओर से दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि छात्र ने इंस्टाग्राम के माध्यम से विश्वविद्यालय और कुलपति से संबंधित कथित तौर पर मिथ्या, भ्रामक और तथ्यहीन सामग्री प्रसारित की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस सोशल मीडिया पर प्रसारित पोस्ट और वीडियो की पड़ताल करने के साथ ही उनके स्रोत और प्रसारण से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है।
कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कल्याणपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि गीता नगर के अंबेडकर नगर निवासी हर्ष सोनकर पिछले कई दिनों से अपनी इंस्टाग्राम आईडी से विश्वविद्यालय और उनके संबंध में वीडियो व अन्य सामग्री लगातार प्रसारित कर रहा है। शिकायत के मुताबिक, इन वीडियो और पोस्ट के माध्यम से विश्वविद्यालय तथा कुलपति की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। कुलपति ने तहरीर में प्रसारित की जा रही सामग्री को गलत, भ्रामक और तथ्यहीन बताते हुए कार्रवाई की मांग की।
तहरीर में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर सामग्री के सार्वजनिक प्रसारण से विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा के साथ मेरी की व्यक्तिगत और शैक्षणिक प्रतिष्ठा प्रभावित होने की स्थिति पैदा हुई। कुलपति ने यह भी आशंका जताई कि ऐसी सामग्री से आमजन और विश्वविद्यालय से जुड़े लोगों के बीच भ्रम या गलत धारणा बन सकती है।वही पुलिस ने कुलपति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसीपी कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।पुलिस इंस्टाग्राम पर अपलोड किए गए वीडियो और अन्य सामग्री की जांच कर रही है। जांच के दौरान यह देखा जाएगा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता क्या है और उनके संबंध में उपलब्ध साक्ष्य क्या हैं।जिसमें आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।