24 सितंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पहले शालू का नाम, अब सुब्रत पर आरोप, विशाल के बयान से पलटी बाजी, बेटा गिरफ्तार

Kanpur Murder Case:कानपुर दवा कारोबारी विनीत मीनोचा हत्याकांड में रिमांड पर पूछताछ के दौरान विशाल गौतम ने बयान बदलकर सुब्रत का नाम लिया। पुलिस ने बयानों और साक्ष्यों का मिलान करने के बाद देर रात सुब्रत को गिरफ्तार किया। राजकिशोर और विशाल की निशानदेही पर बरामदगी भी हुई।
2 min read
Google source verification
Kanpur News

पूछताछ के दौरान पुलिस के साथ मौजूद सुब्रत

Kanpur Minocha Murder: कानपुर में दवा कारोबारी विनीत मीनोचा हत्याकांड की जांच में बुधवार देर रात नया मोड़ आ गया। घटना के बाद गिरफ्तार किए गए मृतक की बहू शालू, विशाल गौतम और राजकिशोर से 24 घंटे की पुलिस रिमांड पर पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों के बाद पुलिस मृतक के बेटे सुब्रत तक पहुंच गई। दिनभर बयानों के मिलान और साक्ष्यों की पड़ताल के बाद कल्याणपुर पुलिस ने देर रात सुब्रत को भी गिरफ्तार कर लिया।

विशाल के बदले बयान ने जांच की दिशा बदली

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सुब्रत की गिरफ्तारी में आरोपी विशाल गौतम का रिमांड के दौरान बदला बयान अहम कड़ी बना। विशाल ने शुरुआती पूछताछ में वारदात के पीछे शालू का नाम लिया था। बुधवार को रिमांड के दौरान पूछताछ में उसने घटनाक्रम को लेकर अपना बयान कायम रखते हुए आरोपी के तौर पर सुब्रत का नाम लिया।विशाल के मुताबिक, वारदात के लिए उसे सुब्रत ने कहा था और पुलिस के पकड़ने पर शालू का नाम लेने की बात कही गई थी। पुलिस ने इस बयान को जांच में सामने आए अन्य तथ्यों और साक्ष्यों से मिलाना शुरू किया।

कर्ज में डूबा था सुब्रत, पूछताछ में महिला मित्र का भी जिक्र

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान शालू और सुब्रत का आमना-सामना कराया गया। शालू ने सुब्रत पर करीब 20 से 25 लाख रुपये के कर्ज में होने की बात कही। उसका कहना था कि सुब्रत कई बार पिता के रहते कर्ज चुकाने में मुश्किल होने की बात कह चुका था। शालू के मुताबिक, वह उसे ऐसा न बोलने के लिए समझाती थी। सुब्रत ने कर्ज होने की बात स्वीकार की, लेकिन शालू के अन्य आरोपों से इनकार किया। पूछताछ में देहरादून में रहने वाली उसकी महिला मित्र का जिक्र भी हुआ। इस पर सुब्रत तत्काल कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सका। शालू ने सुब्रत के देहरादून अकेले जाने की बात स्वीकार की, लेकिन महिला मित्र के बारे में जानकारी होने से इनकार किया।

डुप्लीकेट चाबी और खून से सने कपड़े बरामद

रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपियों से घर में प्रवेश करने, डुप्लीकेट चाबी तैयार कराने, सोसाइटी में ‘शुभम’ नाम से प्रवेश और वारदात के बाद आरोपियों के संपर्क समेत कई बिंदुओं पर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, राजकिशोर की निशानदेही पर कानपुर सेंट्रल स्टेशन के पास एक गड्ढे में दबे खून से सने कपड़े बरामद किए गए।वहीं, विशाल गौतम की निशानदेही पर घर की डुप्लीकेट चाबी भी बरामद हुई। पुलिस इन बरामदगियों को वारदात की कड़ियां जोड़ने में अहम मान रही है।

अब सुब्रत से होगी साजिश और संपर्क पर पूछताछ

डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि पूछताछ और जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर सुब्रत की भूमिका संदिग्ध पाए जाने के बाद उसकी गिरफ्तारी की गई। अब पुलिस उससे हत्या की कथित साजिश, आरोपियों से संपर्क तथा वारदात से पहले और बाद की गतिविधियों के बारे में पूछताछ करेगी।