
हाथ में ईट लिए अध्यापक फोटो सोर्स वायरल वीडियो स्क्रीनशॉट
Balrampur School News: बलरामपुर के गैसड़ी शिक्षा क्षेत्र के करैली स्थित कंपोजिट विद्यालय में कक्षा पांच के छात्र की कथित पिटाई का मामला सामने आया है। अभिभावक ने प्रभारी प्रधानाध्यापक पर पांचवीं कक्षा के छात्र को डंडे से पीटने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि पिटाई के बाद छात्र बेहोश हो गया। स्कूल पहुंचने पर अपने साथ गाली-गलौज और हमला करने का प्रयास किए जाने की भी शिकायत की है। मामले को लेकर उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) से लिखित शिकायत कर जांच और कार्रवाई की मांग की है। अभिभावक ने शिकायत के साथ घटना और विद्यालय पहुंचने के बाद हुए विवाद से संबंधित एक वीडियो भी अधिकारियों को उपलब्ध कराया है। मामले में बलरामपुर पुलिस का कहना है कि जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में विद्यालय परिसर में शिकायतकर्ता और शिक्षक के बीच विवाद होता दिखाई दे रहा है। वीडियो में शिक्षक द्वारा ईंट लेकर शिकायतकर्ता की ओर बढ़ने और बातचीत के दौरान उसे ‘नेता बन रहा है’ कहते हुए सुना जा रहा है। अभद्र भाषा होने की वजह से वीडियो को खबर में नहीं लगाया गया है। हालांकि, पत्रिका इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
अभिभावक अजय कुमार के मुताबिक, उनका बेटा पवन कुमार विद्यालय में कक्षा पांच में पढ़ता है। आरोप है कि कक्षा में शोर होने के कारण प्रभारी प्रधानाध्यापक ने उसके बेटे की डंडे से पिटाई की। इससे वह बेहोश हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद अजय कुमार विद्यालय पहुंचे। उनका आरोप है कि वहां उनके साथ गाली-गलौज की गई और हमला करने का प्रयास किया गया। अभिभावक ने अपनी शिकायत में प्रभारी प्रधानाध्यापक पर छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार करने के भी आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि विरोध करने वाले विद्यार्थियों को फेल करने, टीसी और मार्कशीट खराब करने की धमकी दी जाती है। इन आरोपों की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।
प्रभारी प्रधानाध्यापक शैलेंद्र पाल सिंह ने अभिभावक के आरोपों पर बताया कि वह विभागीय कार्यों को लेकर परेशान थे। अभिभावक के रवैये के कारण विवाद की स्थिति बनी। उन्होंने मामले को लेकर अपना पक्ष रखा है।
खंड शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। इसकी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेजी जाएगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, अभिभावक की शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पिटाई, विवाद और अन्य आरोपों से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Updated on:
24 Sept 2026 12:01 pm
Published on:
24 Sept 2026 09:49 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
