उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए कहा कि वह शीशे के घर में रहते हैं, बड़बोले ना बनें।
लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा को यूपी में मिली हार की समीझा करने शुक्रवार को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य कौशांबी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस और सपा पर निशाना साधा। मौर्य ने सपा मुखिया अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए कहा कि अखिलेश यादव शीशे के घर में रहते हैं, वो बड़बोले ना बनें।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को कौशांबी दौरे पर थे। यहां पर उन्होंने सिराथू के सायरा गेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और लोकसभा चुनाव में मिली हार की समीक्षा की। इतना ही नहीं उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता और कार्यकर्ता की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए।
केशव प्रसाद मौर्य ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सुनियोजित रणनीति के तहत काम करने की सलाह दी, जिससे कि प्रदेश में पार्टी को विजय दिलाई जा सके। इसके बाद डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव में हम कौशांबी हारे, लेकिन पिछले चुनाव की तुलना में हमें इस बार ज्यादा वोट मिला।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अखिलेश यादव की जोड़ी पर हमला बोलते हुए मौर्य ने कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव में हमने इस जोड़ी को हराया था और आगे आने वाले चुनाव में भी हराएंगे। इस दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव शीशे के घर में रहते हैं, बड़बोले ना बनें।