यूपी न्यूज

कानपुर में साइबर ठगी: क्रेडिट कार्ड से 1.13 लाख उड़ाए, अमेजन खाते से आईफोन खरीदा

Kanpur News:कानपुर में साइबर ठगों ने एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्ड से 1.13 लाख रुपये से अधिक उड़ाए। इसके बाद अमेजन खाते में अपना मोबाइल नंबर जोड़कर 87,104 रुपये का आईफोन और 9,733 रुपये का लावा मोबाइल खरीदा। रावतपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
2 min read
• •
Sep 29, 2026
Cyber Crime, Online Task
सांकेतिक फोटो

Cyber Crime: कानपुर में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने पहले एक व्यक्ति के एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्ड से 1.13 लाख रुपये से अधिक की रकम का अनधिकृत लेनदेन किया। इसके बाद उसके अमेजन खाते में सेंध लगाकर अपना मोबाइल नंबर जोड़ दिया। खाते का इस्तेमाल करते हुए ठगों ने 87,104 रुपये का आईफोन और 9,733 रुपये का लावा मोबाइल खरीद लिया। पीड़ित की शिकायत पर साइबर सेल की जांच के बाद रावतपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

क्रेडिट कार्ड से चार बार किया गया अनधिकृत लेनदेन

शिवपुरी निवासी शैलेंद्र कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अगस्त में उनके एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्ड से बिना अनुमति लेनदेन किए गए। पहले 99 हजार रुपये और फिर 10 हजार रुपये की रकम का अनधिकृत लेनदेन हुआ। इसके बाद 2,770 और 2,000 रुपये भी निकाल लिए गए। इस तरह क्रेडिट कार्ड से कुल 1,13,770 रुपये की रकम का अनधिकृत लेनदेन किया गया।

अमेजन खाते में जोड़ा अपना मोबाइल नंबर

क्रेडिट कार्ड से रकम उड़ाने के बाद साइबर ठगों ने शैलेंद्र के अमेजन खाते को भी निशाना बनाया। आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति ने खाते में अपना मोबाइल नंबर जोड़ दिया। इसके बाद खाते से दो मोबाइल फोन की खरीदारी की गई। इसमें 87,104 रुपये का आईफोन और 9,733 रुपये का लावा मोबाइल शामिल है। पीड़ित को जब खाते से हुई खरीदारी की जानकारी हुई तो उसने उस मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया, जिसे अमेजन खाते में जोड़ा गया था। हालांकि संपर्क करने के कुछ देर बाद ही वह मोबाइल नंबर बंद हो गया।

साइबर सेल की जांच के बाद दर्ज हुआ मुकदमा

मामले की शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल ने लेनदेन और ऑनलाइन खरीदारी से जुड़े विवरणों की जांच की। जांच रिपोर्ट के आधार पर रावतपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस अब क्रेडिट कार्ड से हुए लेनदेन, अमेजन खाते में जोड़े गए मोबाइल नंबर और खरीदे गए मोबाइल फोन से संबंधित डिजिटल विवरण खंगाल रही है।थाना प्रभारी रावतपुर कमलेश राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस साइबर ठगी से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Updated on:
29 Sept 2026 05:06 pm
Published on:
29 Sept 2026 05:05 pm
Also Read
View All